Homeराज्य समाचारउत्तराखंडनशे की 'जबरन दोस्ती' और उजड़ते परिवारों की अनकही व्यथा ​

नशे की ‘जबरन दोस्ती’ और उजड़ते परिवारों की अनकही व्यथा ​

 

​हमारे समाज में एक बेहद घातक और शर्मनाक मानसिकता घर कर चुकी है- “हम तो डूबेंगे सनम, तुम्हें भी ले डूबेंगे।” नशे के संदर्भ में यह कहावत आज के दौर की सबसे कड़वी सच्चाई बन गई है। आज स्थिति यह है कि नशा करने वाला व्यक्ति केवल खुद को बर्बाद करके संतुष्ट नहीं होता, बल्कि वह अपने आसपास के लोगों, दोस्तों और परिचितों पर भी नशा करने का मानसिक और सामाजिक दबाव बनाता है। यदि कोई व्यक्ति अपने सिद्धांतों या स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के कारण नशे से दूर रहना चाहता है, तो उसे ‘कमजोर’ या ‘पुराने ख्यालों का’ कहकर चिढ़ाया जाता है। हद तो तब हो जाती है जब सामने वाले को नशे की लत लगाने के लिए मुफ्त में शराब या अन्य मादक पदार्थों की पेशकश की जाती है। यह दोस्ती या दरियादिली नहीं, बल्कि किसी हंसते-खेलते जीवन को अंधेरे की खाई में धकेलने की एक सोची-समझी साजिश है।

​नशे की इस प्रवृत्ति के पीछे अलग-अलग चेहरे और अलग-अलग मकसद छिपे हैं। कुछ लोग इसे महज क्षणिक ‘मजे’ और ‘दिखावे’ का जरिया मानते हैं, तो कुछ लोग ऐसे हैं जिन्होंने दूसरों की बर्बादी को अपनी ‘कमाई’ का धंधा बना लिया है। वहीं, एक वर्ग ऐसा भी है जो केवल ईर्ष्या या विकृत मानसिकता के कारण दूसरों का सुख-चैन छीनने के लिए उन्हें नशे के दलदल में धकेलता है। शुरुआत में ‘मुफ्त का शौक’ कब इंसान की ‘मजबूरी’ और फिर ‘लत’ बन जाता है, इसका अहसास तब तक नहीं होता जब तक कि शरीर, मन और आर्थिक स्थिति पूरी तरह खोखली न हो जाए।

​इस त्रासदी का सबसे हृदयविदारक पहलू वह है, जो नशे के आदी व्यक्ति के दुनिया से चले जाने के बाद सामने आता है। चाहे वह शरीर के अंगो की नशे से क्षति हो या दुर्घटना का शिकार हो। नशा करने वाला तो समय से पहले मौत को गले लगाकर इस दुनिया से विदा हो जाता है, लेकिन अपने पीछे छोड़ जाता है बेसहारा माता-पिता, रोती-बिलखती पत्नी और मासूम बच्चों का ऐसा परिवार, जिनका भविष्य अंधकारमय हो चुका होता है। घर का कमाने वाला सहारा छिन जाने के बाद उन परिजनों पर दुखों और आर्थिक संकटों का पहाड़ टूट पड़ता है।

​सबसे बड़ा सवाल उन तथाकथित ‘शुभचिंतकों’ और ‘दोस्तों’ से है, जो कभी उस व्यक्ति को रोज नशे का ऑफर देते फिरते थे और उसकी महफिलों की शान बढ़ाते थे। क्या उनमें से कोई एक भी व्यक्ति कभी उस उजड़े हुए परिवार की सुध लेने जाता है? क्या कोई उन अनाथ बच्चों के सिर पर हाथ रखने या उस परिवार के चूल्हे की आग जलाए रखने की जिम्मेदारी लेता है? जवाब है— बिल्कुल नहीं। जो लोग कल तक मुफ्त में नशा पिलाने के लिए जेब ढीली करते थे, वे आज उस परिवार की परछाई से भी बचते नजर आते हैं।

​नशा केवल एक व्यक्ति का पतन नहीं है, बल्कि यह एक पूरे परिवार और अंततः एक स्वस्थ समाज का विनाश है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि हम अपनी खुशियों का जश्न मनाने के लिए भी उसी जहर का सहारा लेते हैं जो किसी के घर का चिराग बुझा सकता है। समाज को अब जागना होगा और इस संवेदनशील मुद्दे पर गंभीरता से विचार करना होगा।

​हमें यह संकल्प लेना होगा कि न हम स्वयं किसी भी प्रकार के नशे को अपनाएंगे और न ही किसी दूसरे को इसके लिए प्रेरित या बाध्य करेंगे। सच्ची मित्रता किसी को गलत रास्ते पर ले जाने में नहीं, बल्कि उसे सही राह दिखाने और उसके परिवार की खुशियों को सुरक्षित रखने में है। आइए, नशे के इस जहरीले चक्र को तोड़ें, ताकि किसी भी मां की गोद सूनी न हो और किसी भी घर का सहारा असमय न छिने।

लेखक – पवन दूबे (समाजसेवी, देवभूमि उत्तराखण्ड प्रदेश)

 

 

Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News