Homeराज्य समाचारउत्तरांचल प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया गया तीज महोत्सव: नैना...

उत्तरांचल प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया गया तीज महोत्सव: नैना आहुजा बनीं तीज क्वीन

 

उत्तरांचल प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया गया तीज महोत्सव

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आज हरियाली तीज के पावन अवसर पर तीज महोत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े महिला पत्रकार व परिवारों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, मेहंदी, गीत-संगीत, नृत्य और तीज के रंगों ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और नारी शक्ति का प्रतीक है। तीज क्वीन में प्रथम स्थान पर नैना आहुजा, द्वितीय स्थान पर वंदना अग्रवाल, तृतीय स्थान पर माधुरी दानू, चौथे स्थान पर भारती आनंद, पांचवे स्थान पर बीना उनियाल रही। इसके साथ ही बबीता गुसाईं को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।

इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि विशिष्ठ अतिथि भगवत नौटियाल, मैनेजिंग डायरेक्टर मंजीरा देवी यूनिवर्सिटी उत्तरकाशी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल यहां के पहाड़ों और प्राकृतिक सुंदरता से नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक त्योहारों से भी है। तीज का पर्व हमें अपनी इसी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ता है। आज जब हमारी नई पीढ़ी आधुनिक जीवनशैली की ओर तेजी से बढ़ रही है, ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ना बेहद जरूरी है। आज यहां महिलाओं का उत्साह, पारंपरिक परिधान, गीत-संगीत और तीज की उमंग देखकर ऐसा लग रहा है जैसे उत्तराखंड की लोक संस्कृति एक बार फिर हमारे बीच जीवंत हो उठी हो।

विशिष्ठ अतिथि ज्योति रौतेला, प्रदेश अध्यक्ष, महिला कांग्रेस ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब केवल पत्रकारों का संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मंच भी है। पत्रकार समाज की आवाज को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता पैदा करने का भी काम करते हैं। ऐसे में तीज जैसे सांस्कृतिक आयोजन पत्रकार परिवारों को आपस में जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज यहां जिस उत्साह और उमंग के साथ तीज मनाई जा रही है, वह वास्तव में सराहनीय है। पर्व और संस्कृति हमारी पहचान हैं। इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि अनुकृति गुसाई, पूर्व मिस इंडिया एवं सोशल एक्टिविस्ट ने कहा कि तीज हमारे समाज और संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व हमें अपनी परंपराओं, लोक संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ता है। आज के आधुनिक दौर में जब हमारी पारंपरिक संस्कृति तेजी से बदल रही है, ऐसे आयोजन हमारी जड़ों को मजबूत करने का काम करते हैं। तीज के गीत, झूले, मेहंदी और पारंपरिक परिधान केवल मनोरंजन का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं।
विशिष्ठ अतिथि डॉ आरुषि निशंक, अभिनेत्री, फ़िल्म निर्माता, समाज सेवी ने कहा कि तीज का यह पर्व हमारे लिए इसलिए भी विशेष है क्योंकि यह नारी शक्ति, प्रेम, समर्पण और पारिवारिक खुशियों का संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में महिलाओं की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। आज महिलाएं परिवार के साथ-साथ शिक्षा, पत्रकारिता, प्रशासन, राजनीति, व्यवसाय और हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आज का यह आयोजन केवल तीज मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का अवसर भी है।

निर्णायक की भूमिका कांग्रेस की प्रवक्ता गरिमा दसौनी व पुष्पा भल्ला ने निभाई। निर्णायक कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि इस शानदार तीज महोत्सव में आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं से होती है और तीज जैसे पर्व हमारी इसी समृद्ध परंपरा को जीवंत बनाए रखते हैं। आज का यह आयोजन हमें यह संदेश देता है कि आधुनिकता के साथ-साथ हमें अपनी जड़ों और अपनी संस्कृति को भी मजबूती से संभालकर रखना चाहिए। मैं विशेष रूप से उत्तरांचल प्रेस क्लब को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने पत्रकार साथियों और उनके परिवारों को एक साथ लाकर खुशियां मनाने का यह सुंदर अवसर दिया।
उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि हरियाली तीज प्रेम, उल्लास, सौहार्द, नारी सम्मान और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का पर्व है। प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों को भी महत्व देता है। ऐसे आयोजन पत्रकार साथियों और उनके परिवारों को एक साथ खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए हमें अपनी लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराओं को भी संजोकर रखना चाहिए। उन्होंने महिला पत्रकारों और पत्रकार परिवारों की महिलाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी ने तीज महोत्सव को यादगार बना दिया। अध्यक्ष ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले क्लब पदाधिकारियों, सदस्यों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में अर्चना सिंघल गु्रप के जुनून डांस एकेडमी की अदविका, आयुषी और गुनिका ने तीज की शानदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल, सांस्कृतिक संयोजक मीना नेगी व सह संयोजक सुलोचना पयाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर उक्रांद की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मेजर संतोष भण्डारी के साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि खत्री, वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत, हिमांशु जोशी, पूर्व अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह कण्डारी आदि मौजूद रहे।

मीना नेगी
सांस्कृतिक संयोजक

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News