Homeराज्य समाचारललित जोशी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान...

ललित जोशी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान  

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखंड सरकार की ओर से राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन रोड, लाडपुर, देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सुनीता भट्ट, प्रधानाचार्य, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, देहरादून एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. अमित शुक्ला, संयुक्त निदेशक, बेसिक सर्विसेज, उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, शिक्षाविद ललित जोशी, चेयरमैन, सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, देहरादून, शांतनु बिष्ट, सदस्य, राज्य स्तरीय उद्योग मित्र समिति एवं दायित्वधारी, उत्तराखंड सरकार तथा महेंद्र कुमार, उप निदेशक, वित्त, उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, स्टेट कॉलेज ऑफ नर्सिंग, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, यूथ रेडक्रॉस एवं भारतीय रेडक्रॉस समिति सहित विभिन्न संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद ललित जोशी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को बेहतर शिक्षा एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें नवाचार, नेतृत्व और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नए विचारों और नवाचार के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होने से वे सामाजिक सरोकारों से जुड़कर समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।

ललित मोहन जोशी ने नशा, हिंसा और अपराध से युवाओं को दूर रखने पर जोर देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके व्यवहार, शिक्षा, करियर और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करता है। कई परिस्थितियों में नशा व्यक्ति को हिंसा और अपराध की ओर भी ले जा सकता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें शिक्षा, कौशल विकास, खेल, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता जैसे सकारात्मक अवसरों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक युवा ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में डॉ. अमित शुक्ला, संयुक्त निदेशक, बेसिक सर्विसेज द्वारा छात्र-छात्राओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करने के लिए रोचक प्रस्तुति दी गई। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग एचआईवी/एड्स से बचाव, स्वैच्छिक रक्तदान तथा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

मुख्य अतिथि डॉ. सुनीता भट्ट ने युवाओं से भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा आधुनिक शिक्षा एवं तकनीक को अपनाने के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़े रहें।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक दल हंसा नृत्य एवं नाट्य कला मंच द्वारा युवाओं में बढ़ते एचआईवी/एड्स संक्रमण एवं नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में डॉ. प्रेमलता वर्मा, पूर्व एनएससीओ अधिकारी रेडक्रॉस, सुश्री एकता उपाध्याय, संदीप सिंह, ड्यूटियर, स्टेट नर्सिंग कॉलेज, नारायण सिंह राणा, सौरभ सहगल, ओम प्रकाश सिंह, जगदीश अधिकारी, विनोद कुमार, यूसेक्स एवं एम.ओ. जावेद, टेक्निकल एक्सपर्ट, वीआईआरजी केयर सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News