Homeराज्य समाचारटनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार...

टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार का शुभारंभ

 

केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र श्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई*

*उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क बेहतर हुआ*

बरेली 06 जुलाई, 2026: केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र श्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने 06 जुलाई,2026 को टनकपुर, नांदेड एवं पीलीभीत स्टेशन से टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया।

समारोह को सम्बोधित करते हुये केन्द्रीय रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व एवं जन भावनाओं को देखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस एवं नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचलन को स्वीकृति प्रदान की गयी और आज इन गाड़ियों का संचलन प्रारंभ किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आज टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया जा रहा है। भारतीय रेल में ट्रांसमेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने रेलवे पर विशेष ध्यान दिया है तथा प्रत्येक राज्य को पहले से कई गुना बजट आवंटित किया जा रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37000 किमी. नये टैक बनाये गये तथा 99.6 प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, शेष शीघ्र ही पूरा कर लिया जायेगा। बुलेट ट्रेन परियोजना पर कार्य तेजी से चल रहा है। अगले वर्ष बुलेट ट्रेन चालू हो जायेगी । पूर्वी एवं पश्चिमी कॉरिडोर का कार्य पूर्ण हो चुका है। पूर्वी एवं पश्चिमी कॉरिडोर को जोड़ने के लिये कार्य किया जायेगा।

माननीय रेल मंत्री श्री वैष्णव ने कहा कि काफी नई ट्रेनें चलाई गई हैं। भारतीय रेल गरीबों एवं मध्यम वर्ग की सवारी हैं इसलिये अर्फोडेबल सेवा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सामान्य द्वितीय श्रेणी के 12000 नये कोचों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से 4000 कोच बनकर गाड़ियों में लगाये गये हैं जिसका अच्छा लाभ मिला है। इस समर सीजन में रिकार्ड संख्या में ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ियाँ चलाई गई। पिछले दीपावली एवं छठ पर्वो पर 12000 विशेष ट्रेनें चलाई गईं। उन्होंने कहा कि आगामी रथ यात्रा के पावन पर्व पर 300 तथा ओणम पर्व में 100 विशेष ट्रेनें चलाई जायेंगी। रेल मंत्री ने सम्मानित जनप्रतिनिधियों की रेल सम्बन्धी मांगों पर विचार का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री, उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा की आज का दिन उत्तराखंड, विशेष रूप से कुमायूं क्षेत्र के लिये अत्यन्त महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस का शुभारम्भ ही नही वरन् उत्तर एवं दक्षिण भारत के बीच आस्था, विकास, पर्यटन एवं सांस्कृतिक एकता का एक सशक्त सेतु है। टनकपुर कुमायूं क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहीं से मार्ग पूर्णागिरि मंदिर, आदिकैलाश जाता है। यहाँ की जनता की काफी दिनों से मांग थी कि मध्य एवं दक्षिण भारत के लिये ट्रेन चलाई जाय, जिससे महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण नगरों को जोड़ते हुये उत्तराखण्ड पहुंचा जा सके। इस ट्रेन के संचलन से महाराष्ट्र से उत्तराखण्ड आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि कि माननीय प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को लक्ष्य कर उत्तराखण्ड मे अमृतभारत स्टेशनों का पुनर्विकास कर उन्नत यात्री सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र श्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचलन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा की मुंबई से पवित्र नगरी नांदेड जाने हेतु एक्सप्रेस ट्रेन की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध हो गयी। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के साथ व्यवसायिक गतिविधियों का बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी को साधुवाद दिया।

टनकपुर में समारोह को संबोधित करते हुए रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह ने टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहाँपुर तक विस्तार के शुभारम्भ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं माननीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहाँ पर गुरू नानकदेव जी, गुरू हरगोविन्द सिंह जी आये थे और यहाँ के लोग अब सीधे 10वें गुरू गुरूगोविन्द सिंह की पवित्र धरती नांदेड पहुंच सकेंगे। टनकपुर-नांदेड एवं नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के चलने से सिख श्रद्धालुओं सहित क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुयी।

केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री, श्री अजय टम्टा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा की टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार से क्षेत्रीय जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुयी है, यह क्षेत्र के लोगों के लिये बहुत बड़ी सौगात है। यहीं से हिमालय का क्षेत्र शुरू होता तथा यहीं से रेल यात्रा आरम्भ करते हैं। उन्होंने कहा कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कर यहाँ उन्नत यात्री सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय रेल मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

पीलीभीत में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने कहा की टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी का शाहजहाँपुर तक विस्तार तथा टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस के संचलन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा की पीलीभीत क्षेत्र के सिख श्रद्धालुओं सहित सभी वर्ग के लोगों को नांदेड एवं मार्गवर्ती नगरों को जाने की सीधी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हो गयी। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचलन से पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी जिससे क्षेत्रीय जनता को रोजगार मिलेगा। पीलीभीत क्षेत्र मिनी पंजाब है तथा यहाँ से स्वर्ण मन्दिर अमृतसर जाने के लिये एक ट्रेन की आवश्यकता पर रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने इसके लिए माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

समारोह को पीलीभीत में संबोधित करते हुए माननीय सांसद श्री मिथलेश कुमार तथा इसके अतिरिक्त नांदेड स्टेशन पर आयोजित समारोह में सम्मानित जनप्रतिनिधियों ने नांदेड-टनकपुर एवं नांदेड-मुम्बई एक्सप्रेस के संचलन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। टनकपुर में सम्मानित अतिथियों का स्वागत पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर तथा पीलीभीत में अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/इज्जतनगर ने किया ।

(सुमित कुमार)
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी

सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News