
देहरादून, 27 जून। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मसूरी (ग्रामीण) के अध्यक्ष रितेश जोशी के नेतृत्व में देशभर में लगातार हो रहे प्रश्नपत्र लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं,भर्ती प्रक्रियाओं में देरी तथा युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ के विरोध में महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्षों की मेहनत के बाद भी लाखों छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षार्थियों को बार-बार प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब तथा नकल माफिया के सक्रिय नेटवर्क के कारण निराशा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। इससे युवाओं का सरकारी संस्थाओं पर विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि NEET, NTA, CBSE सहित विभिन्न भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने देश के युवाओं के भविष्य पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। उत्तराखंड की प्रतिभाशाली छात्रा रिया कुमारी थापा की दुखद आत्महत्या का उल्लेख करते हुए कहा गया कि शिक्षा एवं रोजगार का संकट अब युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।
पूर्व विधायक जोत सिंह गुणसोला ने राष्ट्रपति से इस गंभीर विषय में हस्तक्षेप करते हुए केंद्र सरकार एवं संबंधित संस्थाओं को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश देने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं—
देशभर में प्रश्नपत्र लीक एवं भर्ती घोटालों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए।
नकल माफिया और संगठित गिरोहों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पारदर्शी, विश्वसनीय और जवाबदेह बनाया जाए।
लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किया जाए।
प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श की विशेष व्यवस्था की जाए।
परीक्षा प्रणाली में लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए स्थायी राष्ट्रीय नीति बनाई जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के साथ अन्याय नहीं रुका तो कांग्रेस पार्टी जनहित में अपना संघर्ष और तेज करेगी। ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत सदस्य गोविंद सिंह पुंडीर,प्रदेश सचिव प्रदीप डोभाल,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट प्रशांत खंडूड़ी, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती गीता पैन्यूली,गौतम शर्मा, अशोक खंडूड़ी आदि नेता शामिल रहे।
