पत्रकार समाज को जागरूक करने एवं जन सरोकारों के मुद्दों को सरकार तक पहुंचने में निभाते है महत्वपूर्ण भूमिका: सीएम धामी
रुद्रप्रयाग: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग में जिला प्रेस क्लब के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “ज्ञानदीप सम्मान समारोह” में प्रतिभाग किया। ज्ञानदीप सम्मान समारोह में पत्रकारों का सम्मान किया।





जिला प्रेस क्लब रुद्रप्रयाग के 20 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “ज्ञानदीप सम्मान समारोह” में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण फेक न्यूज़ एक बड़ी चुनौती बनकर ऊभरा है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वह तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष एवं विश्वसनीय समाचार आम जनता तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान रमेश पहाड़ी, श्री चंद्र मोहन शुक्ला, श्री संदीप थपलियाल, श्री लक्ष्मी प्रसाद डिमरी सहित अन्य पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।
लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में सौरव मैथानी , श्रीमती हेमा नेगी करासी, साहित्य के क्षेत्र में मुकेश नौटियाल सहित भाषा , साहित्य, प्रशासन , पुलिस एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी सम्मानित पत्रकारों एवं प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी । उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है जिसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है । पत्रकार समाज को जागरूक करने एवं जन सरोकारों के मुद्दों को सरकार तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आधुनिक तकनीक के इस युग में भ्रामक सूचनाओं के प्रचार को रोकना और सत्य एवं निष्पक्ष खबरों का संप्रेषण करना समय की आवश्यकता है।
जिला प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सीएम धामी को सौंपा गया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि मजबूत और जिम्मेदार पत्रकारिता ही लोकतंत्र को सशक्त बनाने की आधारशिला है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का दर्पण और जन-जन की आवाज है। यह लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है, जो निष्पक्षता, सत्य और पारदर्शिता के मूल्यों के साथ समाज को जागरूक करने का कार्य करती है।
इस अवसर पर यह भी कहा गया कि जिला स्तर की पत्रकारिता का महत्व और अधिक बढ़ जाता है, क्योंकि यही पत्रकार दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों की समस्याओं, उपलब्धियों और जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में भरत सिंह चौधरी और आशा नौटियाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
