Homeराज्य समाचारनशा मुक्त उत्तराखंड अभियान: नशा मुक्त युवा, विकसित भारत का भविष्य- ललित...

नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान: नशा मुक्त युवा, विकसित भारत का भविष्य- ललित जोशी

 

देहरादून: सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज में नशा उन्मूलन अभियान के तहत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित
सजग इंडिया, राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण (स्वास्थ्य विभाग उत्तराखंड) एवं उत्तराखंड पुलिस के संयुक्त तत्वाधान में संचालित नशा उन्मूलन एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर, देहरादून में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें मानसिक रूप से सशक्त, नैतिक रूप से सजग तथा समाज व राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनाना था।


कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण के सदस्य ललित जोशी ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, पहचान और आत्मबल को कमजोर कर देता है। उन्होंने कहा कि नशे को किसी भी समस्या का समाधान समझना एक बड़ी भूल है, क्योंकि यह समस्याओं को कम करने के बजाय उन्हें और बढ़ा देता है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए साफ सोच, मजबूत इच्छाशक्ति और सही निर्णय क्षमता का होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि एक जागरूक, अनुशासित और नशामुक्त युवा ही समाज की वास्तविक शक्ति होता है। यदि युवा पीढ़ी स्वस्थ रहेगी, तभी समाज और देश सुरक्षित एवं सशक्त बन पाएगा। नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर परिवार, समाज और राष्ट्र पर भी पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, आत्मनियंत्रण, अनुशासन तथा माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान को भी जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सामाजिक कार्यकर्ता ममता पांगती ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज की छात्राएँ ही कल की मजबूत, आत्मनिर्भर और नेतृत्व करने वाली महिलाएँ बनेंगी। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नशे से दूर रहना केवल स्वास्थ्य की सुरक्षा नहीं, बल्कि अपने सपनों और आत्मसम्मान की रक्षा भी है।
उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने भीतर आत्मविश्वास विकसित करें, अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझें तथा शिक्षा को महिला सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि जब बेटियाँ जागरूक, शिक्षित और मानसिक रूप से मजबूत होती हैं, तो पूरा समाज आगे बढ़ता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी अपने विचार साझा किए। कई छात्राओं ने कहा कि नशा पढ़ाई और भविष्य को बर्बाद कर देता है, जबकि कुछ ने बताया कि नशे के कारण परिवारों में तनाव और रिश्तों में दूरी आ जाती है। इन अनुभवों ने कार्यक्रम को गंभीर और चिंतनशील बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सक्रिय रूप से भाग लेने वाली छात्राओं को सजग इंडिया की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में सभी छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर की प्रधानाचार्या राबिका सिंह, सीनियर शिक्षिका अंशु गुप्ता सहित विभिन्न छात्राएं उपस्थित रही।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News