Homeराज्य समाचारउत्तराखंडविधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें कांग्रेस कार्यकर्ता: बूथ स्तर तक संगठन...

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें कांग्रेस कार्यकर्ता: बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने में जुटे: -कुमारी शैलजा

उत्तराखंड चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारी, जनमुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति

अंकिता भंडारी को न्याय, वोट चोरी और जमीनों के मुद्दे पर जनआंदोलन खड़ा करेगी कांग्रेस: शैलजा

देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक लेकर उन्हें चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाने तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाने पर जोर दिया।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आहूत बैठक में कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस के सभी आनुषंगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को उठाना होगा। प्रत्येक संगठन को अपनी भूमिका और जिम्मेदारी तय करते हुए गांव, शहर, वार्ड और बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाना चाहिए।
उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाना पूरे प्रदेश की सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस मामले में निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जनता के बीच जाएं तथा शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर आवाज बुलंद करें।
कुमारी शैलजा ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने राज्य की जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को भी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और प्रदेश के संसाधनों की रक्षा उत्तराखंड के भविष्य से जुड़ा सवाल है। कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता को इन विषयों पर जागरूक करते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग करें।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए निर्देश दिए गए कि सभी विभाग एवं प्रकोष्ठ अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं की पहचान कर जनसंपर्क अभियान, जनसभाएं, सम्मेलन, पदयात्राएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित करें। सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी पार्टी की आवाज को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाए।
कुमारी शैलजा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सफलता के लिए आवश्यक है कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ मैदान में उतरे। संगठन के सभी घटक आपसी समन्वय के साथ काम करें, जनता के बीच निरंतर उपस्थिति बनाए रखें और भाजपा सरकार से जुड़े जनहित के सवालों पर जवाबदेही तय करने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी आदि नेता मौजूद रहे।

अमेंद्र बिष्ट, प्रदेश सचिव।
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी

Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News