
कोटद्वार : वन मंत्री सुबोध उनियाल ने आमजन से वनों की सुरक्षा के लिए आगे आने की अपील की है। कहा कि वन हमारे पर्यावरण का मुख्य अंग है। उन्होंने लोगों से जंगलों को आगे बचाने में सहयोग की भी अपील की।
सोमवार को कोटद्वार पहुंचे काबीना मंत्री ने कार्बेट टाइगर रिजर्व के रिसेप्शन सेंटर में नेचर शाप व स्टडी सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वन विभाग की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि नेचर शाप के खुल जाने से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल सकेगा, जहां पर महिला समूहों के माध्यम से बने उत्पादों की बिक्री की जा सकेगी। साथ ही कार्बेट नेशनल पार्क में घूमने के लिए आए पर्यटकों को स्थानीय उत्पादों के प्रति आकर्षण किया जा सके, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे। स्टडी सेंटर में स्थानीय युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए शांत वातावरण मिल सकेगा, जहां पर बैठ कर युवा अपनी तैयारियों के लिए अध्ययन कर सकेंगे। सेंटर में हर प्रकार की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के लिए किताबें व आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने वन संरक्षण के लिए सभी लोगों को सामूहिक जिम्मेदारी उठाने का आग्रह किया। कहा कि सिर्फ वन विभाग ही वन संरक्षण नहीं कर सकता है। मानव व वन्य जीव संघर्ष के लिए जंगलों में लगने वाली आग जिम्मेदार है। कहा कि जंगलों में आग लगने से जंगली जानवर आबादी के तरफ भाग जाते है, जिसके कारण जंगली जानवर लोगों पर हमला कर देता है। कहा कि वन विभाग पूरी तरह से संवेदनशील है। उन्होंने बंद पड़े हुए पाखरो मोटर मार्ग निर्माण कार्य करवाए जाने का भरोसा दिया, जिसके लिए समस्त औपचारिकताओं को पूरा करवाया जा रहा है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण, सुमन कोटनाला, काला गढ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी तरूण एस, लैंसडौन वन प्रभाग के वनाधिकारी जीवन मोहन दगाडे, एसडीओ अनामिका बुकरवाल, शिप्रा, रजत मलिक, सुधीर सिंह, हेमा बिष्ट, हरीश खर्कवाल, सतीश गौड, गजेंद्र मोहन धस्माना, सुरमान सिंह मौजूद रहे।
