
हरिद्वार में गिरफ्तार महिला टीचर सोनम के घर से एटीएम, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद; कठुआ आरोपी से पूछताछ में नाम उजागर
रिपोर्टर: प्रदीप यदुवंशी
हरिद्वार। पाकिस्तानी कनेक्शन के आरोप में गिरफ्तार प्राइवेट स्कूल टीचर सोनम मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसियों को पता चला है कि सोनम अलग-अलग बैंक खातों में 20 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन कर रही थी। इन ट्रांजेक्शन के बदले वह कमीशन भी ले रही थी।
पुलिस के अनुसार, सोनम के कब्जे से कई एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जम्मू-कश्मीर के कठुआ में पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ के दौरान सोनम का नाम सामने आया था। इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने संकेत दिया कि यह एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि एक बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। पुलिस पूरे मनी ट्रेल और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की छानबीन कर रही है।
सोनम एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। उसके सहयोगियों और स्कूल प्रशासन को इस बात का आश्चर्य है कि एक शिक्षिका इस तरह की गतिविधियों में कैसे शामिल हो सकती है।
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि सोनम के ट्रांजेक्शन पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर्स तक कैसे पहुंच रहे थे और इसमें कितने लोग शामिल थे।
