देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन का सघन अभियान जारी है।
इसी क्रम में रविवार देर शाम जिला प्रशासन की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने काली बस्ती, सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मकान की छत पर कुल 7 गैस सिलेंडर पाए गए, जिनमें 4 व्यावसायिक सिलेंडर (भारत गैस एवं एचपी कंपनी के) तथा 3 घरेलू सिलेंडर (इंडियन ऑयल कंपनी के) शामिल थे।
जांच में पाया गया कि 3 व्यावसायिक सिलेंडर आंशिक भरे हुए थे, जबकि घरेलू सिलेंडरों में 1 भरा हुआ और 2 खाली थे। प्रथम दृष्टया यह घरेलू गैस के अवैध भंडारण एवं संभावित कालाबाजारी का मामला प्रतीत होने पर सभी 7 सिलेंडर तत्काल सीज कर लिए गए।
जब्त सिलेंडरों को जीवन ज्योति गैस सर्विस, कैनाल रोड, किशनपुर, देहरादून को सुपुर्द कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग और अनधिकृत भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
