प्रकाश भंडारी ने रचा रिकॉर्ड, टूर्नामेंट की सर्वोच्च पारी खेलकर टाइटन को दिलाई शानदार जीत
*विकास धूलिया स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में टाइटन की शानदार जीत, ठाकुर नेगी के 56 रन भी नहीं आए काम*
*देहरादून।* विकास धूलिया स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट में दून सुपर टाइटन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दून थंडर्स को 40 रन से पराजित किया। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित टूर्नामेंट के 15वें लीग मुकाबले में दून सुपर टाइटन के बल्लेबाज प्रकाश भंडारी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों में नाबाद 93 रन की पारी खेली। यह टूर्नामेंट का अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रहा।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में खेले गए मुकाबले में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए दून सुपर टाइटन ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। प्रकाश भंडारी ने अपनी 93 रन की नाबाद पारी में आकर्षक शॉट लगाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनका साथ देते हुए संजय घिल्डियाल ने 19, कप्तान महेश पांडेय ने 12 और कुलदीप ने 10 रन का योगदान दिया। विकास गुसाईं ने दो रन बनाए।
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून थंडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने छह रन के स्कोर पर प्रवीण बहुगुणा का विकेट गंवा दिया, जबकि 13 रन तक पहुंचते-पहुंचते दीपक पुरोहित भी पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान ठाकुर नेगी ने मोर्चा संभालते हुए 56 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। विजय जोशी ने भी 13 गेंदों में 17 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। नतीजतन दून थंडर्स की टीम लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रही और दून सुपर टाइटन ने 40 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच में प्रकाश भंडारी की नाबाद 93 रन की पारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस पारी के साथ उन्होंने टूर्नामेंट के अब तक के व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
टूर्नामेंट के आठवें दिन के मुकाबले के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें 19 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिक गई हैं। सेमीफाइनल में चार टीमें खिताब की दौड़ में अपनी दावेदारी पेश करेंगी।
19 नवंबर को होंगे सेमीफाइनल मुकाबले
पहला सेमीफाइनल: दून किंग राइडर बनाम दून सुपर किंग्स (सुबह 8:30 बजे)
दूसरा सेमीफाइनल: दून स्ट्राइकर्स बनाम दून थंडर्स (दोपहर 12 बजे)
सोबन सिंह गुसाईं
खेल संयोजक

