पौड़ी गढ़वाल जय भारत टीवी के पत्रकार हेम भट्ट की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेशभर में पत्रकार संगठनों एवं आमजन में लगातार रोष व्याप्त है। इसी क्रम में पर्वतीय पत्रकार महासंघ जनपद पौड़ी गढ़वाल की टीम ने जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल स्वाति एस भदौरिया के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को ज्ञापन प्रेषित कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने एवं पत्रकार हेम भट्ट की तत्काल रिहाई की मांग उठाई।महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि हेम भट्ट लंबे समय से जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं तथा निष्पक्ष पत्रकारिता कर रहे हैं। ऐसे में जिस प्रकार उन्हें देर रात/प्रातःकाल पुलिस द्वारा उठाया गया, उससे पत्रकार जगत में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बन रहा है। संगठन ने इसे लोकतंत्र एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर विषय बताया।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि भाजपा विधायक अरविन्द पाण्डेय द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में स्वयं यह कहा गया कि हेम भट्ट ने उनका इंटरव्यू लिया था तथा उसके अगले दिन सुबह पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।महासंघ ने कहा कि इस बयान के सामने आने के बाद पूरे प्रकरण को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है।महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि पत्रकारों को निष्पक्ष रिपोर्टिंग एवं सवाल पूछने पर इस प्रकार प्रताड़ित किया जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति होगी। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि हेम भट्ट के खिलाफ कोई ठोस एवं वैधानिक साक्ष्य नहीं हैं तो उन्हें तत्काल रिहा किया जाए।ज्ञापन सौंपने वालों में महासंघ के संरक्षक अनिल बहुगुणा, जिलाध्यक्ष पंकज रावत, जिला सचिव अंकित उनियाल, संगठन मंत्री जगत किशोर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों की स्वतंत्रता एवं सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।महासंघ ने प्रदेश सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, निष्पक्ष पत्रकारिता को संरक्षण देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस कदम उठाने की मांग की है।
