
हजारों युवा-मातृशक्ति व कार्यकर्ताओं ने तिरंगा लेकर दिखाया जनसमर्थन
खटीमा,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा प्रवास के दौरान भव्य “प्रगति पथ यात्रा” का नेतृत्व किया। मुख्य मार्ग पर निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक तिरंगे लेकर उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति, विकास और जनसमर्थन का जोशपूर्ण वातावरण छाया रहा।

यात्रा मुख्य चौराहे से शुरू होकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत यात्रा शहीद स्थल पहुंची, जहां शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए महान विभूतियों एवं शहीदों का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अपना मजबूत समर्थन व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित रहे: दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, दर्जा राज्य मंत्री हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, अध्यक्ष नगर पंचायत नानकमत्ता प्रेम सिंह टुरना, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में जनता।
