
गोदावरी थापली के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
*देहरादून- रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण यज्ञ के विरोध में कांग्रेस ने दर्ज कराई शिकायत।*
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली के नेतृत्व में सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गढ़ी कैंट थाना एवं राजपुर थाना पहुंचकर 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी की विशाल जनसभा के उपरांत कथित रूप से कुछ लोगों द्वारा किए गए यज्ञ एवं शुद्धिकरण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
इस अवसर पर श्रीमती गोदावरी थापली ने कहा कि भारत “सर्वधर्म समभाव” और आपसी भाईचारे की भावना से चलने वाला देश है। किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद इस प्रकार का कथित शुद्धिकरण यज्ञ किया जाना न केवल सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की विभाजनकारी मानसिकता को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के इशारे पर यदि इस प्रकार के कृत्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है तो यह लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। भाजपा को अपनी संकीर्ण राजनीति छोड़कर देश की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए।
थापली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के दोहरे चरित्र और समाज को बांटने की राजनीति को सहन नहीं करेगी। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेता श्री राहुल गांधी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और देश में नफरत एवं विभाजन की राजनीति के खिलाफ लगातार संघर्ष करते रहेंगे। समाज में ऐसे कृत्यों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनूप सक्सेना, ब्लॉक अध्यक्ष रितेश जोशी, पीसीसी सदस्य सुरेंद्र रावत, पार्षद सागर लंबा, सुशांत बोरा, प्रदेश महामंत्री सोनिया आनंद, प्रशांत खंडूरी, पवन खारोला, हेमंत बराल , दुर्गा राय, ममता थापा, अनिल बस्नेत, मनीष गौनियाल , राकेश खारोला, राजू गुरु ग, नरेंद्र रावत, विक्रम प्रधान आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(गोदावरी थापली)
कोषाध्यक्ष
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी
