Homeराज्य समाचारकारगिल के रणबांकुरों को कोटद्वार का नमन:  वीर सैनिक सम्मान समारोह में...

कारगिल के रणबांकुरों को कोटद्वार का नमन:  वीर सैनिक सम्मान समारोह में पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

 

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर कोटद्वार विधानसभा के दुर्गापुर स्थित हल्दी हाथ वेडिंग प्वाइंट में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण के सौजन्य से भव्य वीर सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं सैनिक परिवारों को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि सैनिकों का सम्मान केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके त्याग और बलिदान के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक सैनिक की पुत्री होने के नाते उन्होंने सैनिक जीवन के अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा को निकट से देखा है। उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां के सैनिकों ने प्रत्येक युद्ध में अपने अदम्य साहस से देश का गौरव बढ़ाया है।

मुख्य अतिथि सतपाल महाराज ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा सैनिकों का सम्मान राष्ट्र के प्रति हमारी सच्ची कृतज्ञता का प्रतीक है।

लेफ्टिनेंट जनरल जी. एस. नेगी ने अपने संबोधन में कारगिल युद्ध की वीरगाथा का विस्तार से वर्णन करते हुए युद्ध के कठिन क्षणों, भारतीय सेना के अदम्य साहस और वीर जवानों के पराक्रम को साझा किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय देशभक्ति, साहस और बलिदान की ऐसी प्रेरक गाथा है, जिससे प्रत्येक युवा को प्रेरणा लेनी चाहिए।

कोटद्वार के मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि सैनिकों के कारण ही देश सुरक्षित है और समाज का दायित्व है कि वह सदैव सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान के लिए आगे आए।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने अपने संबोधन में कोटद्वार में ‘सैनिक स्थल’ के निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि यह स्थल वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान का स्थायी प्रतीक बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करेगा।

इसी अवसर पर कोटद्वार के विभिन्न सामाजिक, सैनिक एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सेवानिवृत्त मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी जी को उनके उत्कृष्ट सैन्य, सार्वजनिक एवं राष्ट्रीय योगदान के लिए मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी जी का राष्ट्रसेवा, सैनिक कल्याण, सुशासन एवं जनसेवा के प्रति समर्पित जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से अलंकृत किया जाना पूरे देश के लिए गौरव का विषय होगा।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक मनोज ईष्टवाल द्वारा लिखित पुस्तक “भरत से भारतवर्ष : कण्वाश्रम” का भी विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह पुस्तक कण्वाश्रम की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

इसी अवसर पर कांग्रेस के पार्षद बिपिन डोबरियाल, हिमांशु वर्मा एवं अरविंद बंसल ने कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नवप्रवेशी पार्षदों ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण की कार्यशैली से प्रभावित होकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, लेफ्टिनेंट जनरल जी. एस. नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बिष्ट गढ़वाली, मेयर कोटद्वार शैलेन्द्र सिंह रावत, कर्नल गोसाई, कर्नल ध्यानी, दर्जाधारी राज्य मंत्री राजेन्द्र अंथवाल, इफको चेयरमैन उमेश त्रिपाठी, सुमन कोटनाला, विपिन कैंथोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष विकासदीप मित्तल, प्रेम खंतवाल, आशीष रावत, प्रदीप बलूनी, सतीश देवरानी, कमांडेंट सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सैनिक परिवार, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News