13 वर्षीय शिवांश शर्मा ने लीग में अपने पहले मैच में दागा शानदार गोल — डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत
देहरादून। फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ देहरादून द्वारा आयोजित देहरादून सुपर लीग के अंतर्गत पवेलियन ग्राउंड, देहरादून में खेले गए मुकाबले में देहरादून फुटबॉल एकेडमी (DFA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनुभवी खिलाड़ियों से सुसज्जित दून स्टार फुटबॉल क्लब को 3–0 से करारी शिकस्त दी। यह लीग ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) एवं उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ देहरादून द्वारा आयोजित की जा रही है।

उत्कर्ष, तेंज़ीन और युवा शिवांश ने किए गोल
मैच में देहरादून फुटबॉल एकेडमी के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम की ओर से पहला गोल 35वें मिनट में उत्कर्ष ज्ञानसू ने किया। इसके बाद 65वें मिनट में तेंज़ीन ने शानदार गोल दागकर टीम की बढ़त 2–0 कर दी।
मैच का सबसे खास पल 80वें मिनट में देखने को मिला, जब मात्र 13 वर्षीय युवा खिलाड़ी शिवांश शर्मा ने अपने लीग करियर के पहले मैच में शानदार गोल करके स्कोर 3–0 कर दिया। शिवांश का यह प्रदर्शन टीम के लिए विशेष उपलब्धि रहा। उल्लेखनीय है कि शिवांश के परिवार में पहले भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल खेलने वाले खिलाड़ी रहे हैं।
दो जीत और दो हार के साथ चौथे स्थान पर DFA
देहरादून फुटबॉल एकेडमी के संस्थापक अध्यक्ष एवं हेड कोच डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी टीम देहरादून सुपर लीग में लगातार अच्छा खेल दिखा रही है। दो जीत और दो हार के साथ टीम वर्तमान में अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि उसके अभी दो मुकाबले शेष हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम दून सिटी एफसी और स्पोर्ट्स हॉस्टल के विरुद्ध अपने दोनों आगामी मैच जीतकर महत्वपूर्ण अंक अर्जित करेगी और अंक तालिका में शीर्ष स्थानों की ओर बढ़ेगी।
डॉ. रावत ने इस शानदार जीत के लिए सभी खिलाड़ियों, टीम मैनेजर नलिश शर्मा, असिस्टेंट कोच मनोज नेगी, गोलकीपर कोच विमल सिंह रावत तथा टीम कप्तान वरुण चौहान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
15 वर्षों से DFA और 27 वर्षों से डॉ. रावत कर रहे हैं फुटबॉल की सेवा
डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि देहरादून फुटबॉल एकेडमी पिछले 15 वर्षों से तथा वे स्वयं पिछले 27 वर्षों से उत्तराखंड में फुटबॉल के विकास के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। इस दौरान खिलाड़ियों, रेफरियों और कोचों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और उत्तराखंड के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
24 और 25 अक्टूबर को होगा उत्तराखंड चैलेंज कप
डॉ. रावत ने जानकारी दी कि देहरादून फुटबॉल एकेडमी की ओर से 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड चैलेंज कप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंडर-15 एवं 50 प्लस आयु वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी।
प्रतियोगिता स्थल: DFA ग्राउंड, गुलर घाटी रोड, भागीरथी एन्क्लेव, देहरादून।
सभी इच्छुक टीमों से अनुरोध है कि वे अपनी एंट्री 23 अक्टूबर 2026 तक सुनिश्चित कर लें।
प्रवेश एवं जानकारी के लिए व्हाट्सऐप संपर्क: 9319895526

