मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचायत चुनाव में माताजी के साथ किया मतदान
ऊधमसिंह नगर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी आम नागरिकों की तरह मतदान केंद्र पर पहुंचे और कतार में लगकर अपना वोट डाला। ऊधमसिंह नगर जिले के नगला तराई स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 3 में मुख्यमंत्री अपनी माता श्रीमती बिशना देवी के साथ पहुंचे थे। श्रीमती बिशना देवी ने भी मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।मुख्यमंत्री धामी का यह सादा और अनुशासित अंदाज़ न केवल लोकतंत्र के प्रति उनकी आस्था को दर्शाता है, बल्कि जनता के बीच एक प्रेरणा भी बनता है। उन्होंने मतदान के बाद उपस्थित मीडिया से बातचीत में सभी ग्रामीण मतदाताओं से अपील की कि वे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा, “पंचायती राज लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक मतदाता का वोट गांव, विकासखंड और जिला स्तर पर सशक्त प्रशासन और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम हो सकता है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंचायतें विकास की नींव हैं और एक सशक्त पंचायत व्यवस्था से ही ग्रामीण क्षेत्रों में समावेशी विकास संभव है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से विशेष रूप से मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चल रही है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि प्रत्येक मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सके। विभिन्न बूथों पर मतदान कर्मी, पुलिस बल, निगरानी टीमें और स्वास्थ्य कर्मी भी तैनात हैं।
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव इस बार खासे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, क्योंकि इनसे आने वाले वर्षों के लिए ग्राम विकास और स्थानीय प्रशासन की दिशा तय होगी।