धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार का है प्रतीक : सीएम धामी
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार में आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने परिश्रम और संस्कारों से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है।




इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा कि धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार का प्रतीक है। हरिद्वार सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण पुण्य कार्य है। यह आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2027 के हरिद्वार कुंभ को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए पीएम मोदी के मार्गदर्शन में घाटों के पुनरुद्धार, सड़क, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से सनातन संस्कृति को वैश्विक पहचान मिली है। उत्तराखंड में भी केदारखंड-मानसखंड के मंदिरों का सौंदर्यीकरण जारी है।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया है। कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए धार्मिक आयोजन निर्धारित स्थलों पर ही कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान महामंडलेश्वर हरी चेतनानंद महाराज, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक विशाल पटेल, ट्रस्ट के उपाध्यक्ष संतोष पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
