रजिस्ट्रेशन कराने के बाद ही चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालु- सीएम धामी
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा का आगाज शीघ्र ही होने जा रहा है, इसी के दृष्टिगत आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के दृष्टिगत यातायात प्रबंधन की बैठक ली। सीएम धामी ने चारधाम यात्रा शुरू होने से 1 हफ्ते पहले ही सभी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए की हर संवेदनशील स्थानों पर कैमरे जरूर लगाए जाएँ।यात्रा प्रबंधन पर बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा की यात्रा मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था होटल, धर्मशाला, Home Stay और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध वाली जगह पर हों। धामों के दर्शन के लिए स्लॉट मैनेजमेंट सिस्टम और बेहतर बनाया जाए। यात्रा मार्गों में संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। अधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों की रियल टाइम निगरानी की जाए।
सीएम धामी ने यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस से बेहतर प्लान के साथ कार्य करने, जाम की स्थिति वाले स्थानों की जानकारी सोशल मीडिया पर और अन्य माध्यमों से साझा करने, पुलिस व प्रशासन के सोशल मीडिया हैंडल्स पर यातायात और मौसम की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करते रहने के निर्द्श भी दिए। यात्रा मार्गों पर पार्किंग स्थलों की जानकारी श्रद्धालुओं को गूगल मैप से मिल जाए, इसकी व्यवस्था भी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि रजिस्ट्रेशन करने के बाद ही चार धाम यात्रा पर आएँ। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए ही रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। 60 प्रतिशत ऑन लाइन और 40 प्रतिशत ऑफ लाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई। यात्रा मार्गों से जुड़े सभी हितधारकों के साथ निरंतर समन्वय बनाया जाएगा। यात्रा वैकल्पिक मार्गों को भी सुदृढ़ किया जाएगा। अस्थाई पार्किंग विकसित करने के लिए भुगतान के आधार पर स्थानीय लोगों से भी संपर्क किया जाए।
बैठक के दौरान डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि इस साल की सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा के लिए 50 थाने, 79 रिपोर्टिंग पुलिस चौकी, 5850 पुलिस बल, 38 सीजनल (अस्थाई) चौकियां रहेंगी। ट्रैफिक के बेहतर प्रबन्धन के लिए 3 प्लान तैयार किए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल रेंज) के आधीन चार धाम कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। SP (ट्रैफिक) देहरादून लोकजीत सिंह प्रभारी बनाए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) के आधीन पुलिस मुख्यालय स्तर पर चार धाम सेल गठित होगा। सेल लगातार नियंत्रण एवं मॉनिटरिंग की व्यवस्था करेगा। सम्पूर्ण यात्रा मार्ग को 15 सुपर जोन, 41 जोन और 137 सेक्टर में बांटा गया है। लंबे वीकेंड के लिए भी विस्तृत यातायात प्लान तैयार किया गया है। 17 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।130 पार्किंग स्थलों में 43416 छोटे और 7855 बड़े वाहनों के पार्क की व्यवस्था रहेगी।
बैठक में उपाध्यक्ष (अवस्थापना अनुश्रवण परिषद) विश्वास डाबर, सचिव शैलेश बगोली, नितेश झा, सचिन कुर्वे, डा.BVRC पुरुषोत्तम, डा. पंकज पांडेय, बृजेश कुमार संत, सचिव एवं गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, ADGP वी मुरुगेशन, अजय प्रकाश अंशुमन, IG (गढ़वाल) राजीव स्वरूप, IGP नीलेश आनंद भरणे भी उपस्थित थे।