Homeराज्य समाचारसीआईएमएस ग्रुप ऑफ कॉलेजेज और गढ़वाल राइफल्स के बीच हुआ महत्वपूर्ण MOU

सीआईएमएस ग्रुप ऑफ कॉलेजेज और गढ़वाल राइफल्स के बीच हुआ महत्वपूर्ण MOU

MOU से सैनिक परिवारों को उच्च शिक्षा में बड़ी राहत

 

देहरादून/लैंसडाउन। देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के परिवारों और सैन्य समुदाय से जुड़े विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, देहरादून और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन के बीच सुपर-300 मिशन एजुकेशन स्कीम के तहत एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के माध्यम से वीर नारियों, वीर माताओं, देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के आश्रितों, चार वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके अग्निवीरों तथा उनके आश्रितों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण आर्थिक राहत प्रदान की जाएगी।

दो श्रेणियों में मिलेगी फीस में छूट

MOU के अनुसार पहली श्रेणी में शामिल पात्र वीर नारियों, वीर माताओं, बलिदानी सैनिकों के आश्रितों तथा चार वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले अग्निवीरों को संस्थान में उपलब्ध पात्र पाठ्यक्रमों में ट्यूशन फीस में 100 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।

वहीं दूसरी श्रेणी में सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके आश्रितों को ट्यूशन फीस में 40 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

MOU पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन के सुरजन सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुई। कार्यक्रम में सेंटर के विभिन्न सैन्य अधिकारियों सहित 300 से अधिक जवानों ने प्रतिभाग किया।

सैनिक परिवारों के बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : ब्रिगेडियर विनोद नेगी

इस अवसर पर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने कहा कि इस अनुबंध से गढ़वाल राइफल्स से जुड़े सैनिकों और उनके परिवारों को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। उन्होंने सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की इस पहल को अनूठा एवं सराहनीय प्रयास बताते हुए ग्रुप के चेयरमैन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि MOU के तहत दो श्रेणियों में शिक्षा शुल्क में राहत का प्रावधान किया गया है। पात्र वीर नारियों, वीर माताओं, बलिदानी सैनिकों के आश्रितों और चार वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले अग्निवीरों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफी, जबकि सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके आश्रितों को 40 प्रतिशत ट्यूशन फीस की छूट मिलेगी। यह पहल सैनिक परिवारों के बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

सैनिक परिवारों की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य : एडवोकेट ललित मोहन जोशी

सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि गढ़वाल राइफल्स की वीर नारियों, वीर माताओं, बलिदानी सैनिकों के आश्रितों और अग्निवीरों के सम्मान में संस्थान की ओर से विभिन्न पाठ्यक्रमों में पात्र लाभार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि संस्थान की ओर से चिकित्सा शिक्षा, पैरामेडिकल, प्रबंधन, कंप्यूटर साइंस, होटल मैनेजमेंट, लॉ एवं अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने का उद्देश्य यही है कि देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के परिवारों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के साथ यह अनुबंध सैनिक परिवारों की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा, “सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य को मजबूत बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए।”

उन्होंने कहा कि यह पहल सैनिक परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर करियर और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी।

नशामुक्त युवा अभियान को लेकर भी जवानों को किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रतिनिधियों एवं गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर के सैन्य अधिकारियों ने MOU से जुड़ी व्यवस्थाओं और सैनिक परिवारों को मिलने वाले शैक्षणिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर सजग इंडिया के माध्यम से युवाओं के बीच चलाए जा रहे नशामुक्त युवा अभियान के बारे में भी सैन्य अधिकारियों एवं जवानों को जानकारी दी गई।

सजग इंडिया के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद ललित जोशी ने सैन्य अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज नशा आतंक का एक बड़ा हथियार बन चुका है। आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। हमें मिलकर युवाओं को जागरूक करना होगा, ताकि युवा अपने परिवार के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।”

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ये सैन्य अधिकारी एवं जवान रहे उपस्थित

कार्यक्रम में कर्नल मनोज उनियाल, कर्नल जगत सिंह नेगी, सेवानिवृत्त कर्नल राजकुमार सैनी, लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल आर. डी. वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल धनेश, मेजर दिलबाग सिंह, कैप्टन नवजोत, लेफ्टिनेंट कर्नल एस. शेखर, लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर, मेजर इंद्रमणि, मेजर फ्रांसिस, सूबेदार मेजर नंद किशोर, सूबेदार मेजर पुरन सिंह, सूबेदार मेजर सुखबीर सिंह, नायब सूबेदार नागेंद्र सिंह नेगी , सूबेदार हीरा सिंह सहित गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर के 300 से अधिक जवान उपस्थित रहे।

यह MOU सैनिक परिवारों के सम्मान, शिक्षा के अधिकार और उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं शैक्षणिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News