
बंदर के डर से छत से गिरा मासूम, नहीं बच सकी जान
लकड़ीपड़ाव में दर्दनाक हादसा: बंदरों से बचते समय बालक की मौत
लकड़ीपड़ाव में हादसा, छत पर खेल रहा था रिहान, बंदर के अचानक करीब आने से घबराकर नीचे गिरा
कोटद्वार।कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के मोहल्ला लकड़ीपड़ाव में शुक्रवार शाम बंदरों से बचने के प्रयास में एक 12 वर्षीय बालक छत से नीचे गिर गया। हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे उपचार के लिए बेस चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।लकड़ीपड़ाव निवासी रिहान (12) पुत्र इरफान शुक्रवार शाम घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान छत पर कुछ बंदर आ गए। बंदरों को देखकर रिहान डर गया और उनसे बचने के लिए छत से नीचे उतरने का प्रयास करने लगा।इसी बीच एक बंदर रिहान की ओर बढ़ा। अचानक बंदर को अपनी तरफ आता देखकर रिहान घबरा गया और अपना संतुलन खो बैठा। इसके बाद वह छत से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल रिहान को स्वजन तत्काल बेस चिकित्सालय लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी हालत देखते हुए जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने रिहान को मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले में भी हादसे को लेकर शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में बंदरों की आवाजाही बनी रहती है। इस घटना ने बंदरों के आतंक और उनसे बचने के दौरान होने वाले हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
