
पर्वतों के अनुरूप निर्माण और फिल्म आधारित अर्थव्यवस्था पर विशेषज्ञों का विमर्श
पर्वतीय विकास के नए मॉडल पर आर्कक्स में जुटे विशेषज्ञ
आर्कक्स में पर्वतीय निर्माण और नई अर्थव्यवस्था पर मंथन
देहरादून, 3 अक्टूबर 2026। परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित ‘आर्कक्स: द आर्किटेक्चरल एक्सपो’ में शनिवार को सुरक्षित पर्वतीय निर्माण और उत्तराखंड की नई पर्वतीय अर्थव्यवस्था को लेकर दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं हुईं। आयोजन भाजपा के लघु उद्योग प्रकोष्ठ की ओर से किया गया। दोनों सत्रों का संचालन अभिनेता एवं व्यवसायी अमित गर्ग ने किया।

पहले सत्र में ‘पर्वतों के अनुरूप निर्माण × अप्रत्याशित परिस्थितियों के लिए सुरक्षित निर्माण’ विषय पर चर्चा हुई। इसमें मेयर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि रहे। पैनल में डॉ. गौरव गोयल, वास्तुकार विनय सिंह, भाजपा आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की संयोजिका ममता पांगती और क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह पुंडीर शामिल हुए। चर्चा में पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप निर्माण तकनीक और आपदा जैसी परिस्थितियों में भवनों की सुरक्षा पर विचार रखे गए।
दूसरे सत्र में ‘नई पर्वतीय अर्थव्यवस्था × फिल्म’ विषय पर पर्यटन, आतिथ्य, वास्तुकला और फिल्म सिटी के विकास को लेकर चर्चा हुई। इसमें अभिनेता, निर्देशक एवं निर्माता कुणाल मल्ला, बीएंडबी/होमस्टे प्रतिनिधि नितिन मेहता, फिल्मकार अभिषेक तिवारी तथा आदिरा फिल्म्स के निर्माता एवं उत्तराखंड पुलिस के पूर्व डीएसपी अनिल शर्मा शामिल हुए। उत्तराखंड संस्कृति विभाग के सचिव दीपक गैरोला विशिष्ट अतिथि रहे।
आर्कक्स का आयोजन माइंड्स मीडिया एंड मैनेजमेंट द्वारा किया जा रहा है, जबकि इवेंट प्रबंधन की जिम्मेदारी क्रियोनिक इंडिया संभाल रहा है। एक्सपो का समापन 4 अक्टूबर को होगा। समापन सत्र में उत्तराखंड विजन-2047 पर चर्चा प्रस्तावित है, जिसमें त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि होंगे।
