चयनित बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में FTI (उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी) में 1 दिसंबर से 3 दिसंबर को करेंगे प्रतिभाग



कोटद्वार, 27 नवंबर। आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, कोटद्वार में गुरुवार, शुक्रवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026–27 की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी 15 विकासखंडों से आए जूनियर एवं सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने अपने वैज्ञानिक शोध कार्यों का प्रस्तुतिकरण किया। प्रतियोगिता में प्रस्तुत शोध परियोजनाओं का मूल्यांकन लिखित विवरण, परियोजना की वैज्ञानिकता तथा मौखिक प्रस्तुति के आधार पर किया गया।
राज्य हेतु चयनित बाल वैज्ञानिक
जूनियर वर्ग
1- कु. अनन्या, रा. उ. मा. वि. रिंगवाड़ी, ब्लॉक एकेश्वर
2- कु. अन्वी, रा. उ. मा. वि. अमोला, ब्लॉक यमकेश्वर
3- कु. अविषी मेवाड़, माउन्ट कार्मल स्कूल पाली, ब्लॉक पाबौ
सीनियर वर्ग
1- कु. जिया कैंतुरा, सेंट जोसफ कान्वेंट स्कूल कोटद्वार, ब्लॉक दुगड्डा
2- कु. सिमरन, रा. इ. का. बंचूरी, ब्लॉक यमकेश्वर
3- कु. राधिका, अ. उ. रा. इ. का. गैंडखाल, ब्लॉक यमकेश्वर
4- दलीप पाल, आ. रा. इ. का. कोटद्वार, ब्लॉक दुगड्डा
कार्यक्रम में पूर्व निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा, उत्तराखंड श्री अजय कुमार नौड़ियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकीय इंटर कॉलेज कन्वाघाटी के प्रधानाचार्य श्री उमाकांत कुकरेती उपस्थित रहे। कार्यक्रम के स्थल संयोजक आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, कोटद्वार के प्रधानाचार्य श्री मुकेश रावत तथा जनपद संयोजक राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस श्री राजेंद्र प्रसाद सुंदरियाल रहे। इस अवसर पर सह समन्वयक श्री श्रवण रावत, राकेश पोखरियाल, पूनम रावत, अनिल काला सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।
पाँच उपविषयों पर प्रस्तुत किए गए वैज्ञानिक शोध
प्रतियोगिता में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के निर्धारित पाँच उपविषयों पर विद्यार्थियों ने अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए। इनमें
1-कचरा प्रबंधन हेतु R5,
2-ऊर्जा के लिए E4,
3-जल संचयन, दोहन, पुनर्चक्रण एवं संरक्षण,
4-भोजन, कृषि एवं स्वास्थ्य
तथा
5-सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली शामिल रहे।
विभिन्न विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों ने स्थानीय समस्याओं की पहचान करते हुए उनके वैज्ञानिक समाधान प्रस्तुत किए। निर्णायकों ने परियोजनाओं की मौलिकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्थानीय प्रासंगिकता, आँकड़ों एवं निष्कर्षों तथा विद्यार्थियों की विषय पर समझ का आकलन किया। प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के लिए ऑडिटोरियम, जीव विज्ञान प्रयोगशाला एवं रसायन विज्ञान प्रयोगशाला सहित अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए।
वैज्ञानिक सोच और नवाचार के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित
मुख्य अतिथि श्री अजय कुमार नौड़ियाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, ज्ञानार्जन की अभिरुचि और नवाचार की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को अपने आसपास की सामाजिक एवं पर्यावरणीय समस्याओं को पहचानकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से उनके समाधान खोजने चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं पर आधारित शोध एवं नवाचार विज्ञान को समाज से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों की सराहना करते हुए कार्यक्रम से जुड़े सभी हितधारकों को बाल वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि श्री उमाकांत कुकरेती तथा प्रधानाचार्य श्री मुकेश रावत ने भी अपने संबोधनों में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने, प्रयोगों के माध्यम से सीखने और नवाचारों को व्यावहारिक जीवन से जोड़ने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में विगत वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर जनपद का गौरव बढ़ाने वाली जनता इंटर कॉलेज देवराजखाल की छात्रा कुमारी सुहानी डंडरियल तथा जनता इंटर कॉलेज कमलपुर के छात्र आकाश ध्यानी को सम्मानित किया गया।
इन विद्यार्थियों के मार्गदर्शक शिक्षकों जनता इंटर कॉलेज देवराजखाल की श्रीमती हिमानी थपलियाल तथा जनता इंटर कॉलेज कमलपुर के श्री निहिल मोहन को भी सम्मानित किया गया। विज्ञान शिक्षा के प्रति निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के लिए जनता इंटर कॉलेज कमलपुर के प्रधानाचार्य श्री संजय रावत को भी सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वैज्ञानिक गतिविधियों में निरंतर भागीदारी और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निर्णायक मंडल ने किया परियोजनाओं का मूल्यांकन
प्रतियोगिता के मूल्यांकन में श्रीमती अनीता बलूनी, श्रीमती कुसुम कोटनाला, श्री मुकेश पटवाल, श्रीमती ज्योति ध्यानी, श्रीमती ऋतु उनियाल, श्रीमती रश्मि उनियाल, श्री अजय बिष्ट, श्रीमती पूनम पटवाल, श्रीमती कल्पेश्वरी बलोदी तथा श्री अमित कुमार ने निर्णायक के रूप में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से श्री राकेश पोखरियाल, सहायक अध्यापक (एल.टी.) विज्ञान, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगवाड़ी, तथा श्री सीतांशु पोखरियाल, प्रवक्ता जीव विज्ञान, आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में सभी विकासखंडों के समन्वयकों, मार्गदर्शक शिक्षकों तथा आयोजक विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सहयोग दिया। स्थानीय स्तर पर विकासखंड समन्वयक श्रीमती सरिता रौतेला सहित सहयोगी शिक्षकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

