वीर सैनिकों के बलिदान को समर्पित ‘वॉइस ऑफ पीस’, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीद के परिजनों को सौंपा चेक


वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को समर्पित ‘वॉइस ऑफ पीस’ कार्यक्रम में शहीद के परिजनों को सम्मानित करते सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी
देहरादून, 25 नवम्बर। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में आयोजित वॉइस ऑफ पीस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने देश के वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और अदम्य साहस पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीद के परिजनों को चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम हमारी सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हमारे वीर सैनिक सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में रहकर देश की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं और उनके त्याग एवं समर्पण के कारण ही हम सभी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है, यहां के युवाओं की देश सेवा और सेना में योगदान की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का हर परिवार किसी न किसी रूप में सैन्य परंपरा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों का सम्मान करना और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार भी सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में कई गुना वृद्धि की है। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेना में परमवीर चक्र से लेकर मेंशन इन डिस्पैच तक सभी वीरता पुरस्कारों से अलंकृत सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त एवं वार्षिक सम्मान राशि में भी वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के सम्मान और उनके परिवारों का कल्याण राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ‘वॉइस ऑफ पीस’ जैसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और सेना के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ ही वीर जवानों के बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।
इस अवसर पर पद्मश्री डॉ बीकेएस संजय, मेजर जनरल (सेनि) सम्मी सबरवाल, निदेशक रिंकी सिंह, करन सिंह, अभिषेक पाण्डेय, अंकुर खत्री सहित शहीद के परिजन उपस्थित रहे।

