नौनी-ब्वारियों की इगास में लोक संस्कृति, भैलो और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम
इगास के उल्लास में झलकी पहाड़ की संस्कृति, महिलाओं और बच्चों ने बिखेरे पारंपरिक रं




‘नौनी-ब्वारियों की इगास’ में लोक संस्कृति, भैलो और महिला सशक्तिकरण का दिखा अनूठा संगम
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने विजेताओं को किया सम्मानित, उत्तराखंड की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने पर दिया जोर
विशिष्ट अतिथि केंद्रीय भंडार की एमडी रमिंद्री मंद्रवाल रहीं मौजूद, लोकगायिका हेमा मैठाणी की प्रस्तुतियों और बच्चों के पारंपरिक वेशभूषा रैंप वॉक ने बांधा समां
देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और महिला सशक्तिकरण को समर्पित ‘नौनी-ब्वारियों की इगास 2026’ का आयोजन उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी की ओर से नगर निगम के टाउन हॉल में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में पहाड़ की लोक परंपराओं, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, पहाड़ी व्यंजनों और महिला प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पारंपरिक भैलो खेलना रहा, जिसके माध्यम से इगास पर्व की खुशियों और उत्साह को जीवंत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देहरादून के नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भंडार निगम की एमडी रमिंद्री मंद्रवाल ने शिरकत की। इस अवसर पर नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और लोक परंपराएं हमारी पहचान हैं। इन्हें संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब वह अल्मोड़ा में जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे, तब भी सांस्कृतिक गतिविधियों और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजन कराते रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय संस्कृति, लोक कलाकारों और पारंपरिक विरासत को प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों के लिए आयोजित पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा प्रतियोगिता रही। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों ने उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर रैंप वॉक किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं। बच्चों का आत्मविश्वास और पहाड़ी संस्कृति के प्रति उनका उत्साह देखते ही बनता था।
वहीं महिलाओं के लिए पहाड़ी व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान और स्थानीय व्यंजनों को प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से पहाड़ के पारंपरिक स्वाद, खानपान की विविधता और पाक कला को मंच मिला। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि आलोक कुमार पांडे के हाथों सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। प्रसिद्ध लोकगायक सौरभ मैठाणी की माता एवं लोकगायिका हेमा मैठाणी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों और भजनों की प्रस्तुति दी। उनके लोकप्रिय गीतों ने उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोकधुनों और पारंपरिक गीतों के माध्यम से उन्होंने पहाड़ की संस्कृति और लोक विरासत को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के पश्चात पारंपरिक रूप से भैलो खेला गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने इगास पर्व की लोक परंपरा में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। भैलो के साथ पूरा माहौल पहाड़ की संस्कृति और पारंपरिक उल्लास से सराबोर हो गया। इस आयोजन ने इगास पर्व से जुड़ी परंपराओं को जीवंत रखने और उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उत्तराखंड की नौनी सोसाइटी की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार नलिनी गुसाईं ने कहा कि ‘नौनी-ब्वारियों की इगास’ आयोजित करने का उद्देश्य उत्तराखंड की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना तथा महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना है। इगास केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी लोक आस्था, परंपराओं और सामूहिक उत्सव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा के प्रति जुड़ाव बढ़ता है और महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं हुनर दिखाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सोसाइटी के सचिव रामचंद्र गोस्वामी, कोषाध्यक्ष प्रियंका गुसाईं एवं शकुंतला गुसाईं सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। मंच संचालन मनीषा रावत ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में आशा नेगी, सुची थपलियाल, रेखा सुंदरियाल सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
‘नौनी-ब्वारियों की इगास’ के माध्यम से लोक संस्कृति के संरक्षण, महिलाओं के सम्मान, बच्चों में सांस्कृतिक चेतना और पहाड़ की परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सुंदर संदेश दिया गया।

