पटेलनगर पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान, घायलों को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया


देहरादून। मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार की एक कंटेनर ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कंटेनर के नीचे जा फंसी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार में मौजूद छह वर्षीय बच्चे को पुलिस टीम ने सकुशल बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना बुधवार शाम करीब 3:30 बजे कोतवाली पटेलनगर पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पटेलनगर पुलिस और फायर स्टेशन की टीम आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और फायर कर्मियों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल चारों लोगों को तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, कार में सवार तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और सहारनपुर से देहरादून आ रहे थे।

