1-2 नवंबर को चित्रकूट घाट पर कथा, गंगा आरती और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन; राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी होगी
देहरादून। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा उत्तराखंड के तत्वावधान में हरिद्वार में भगवान श्री चित्रगुप्त जी का कथा महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 1 और 2 नवंबर को हरिद्वार के भूपतवाला स्थित चित्रकूट आश्रम के सामने घाट पर होगा।
प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश से शुरू हुई भगवान चित्रगुप्त जी की कथा अब निरंतर चल रही है। कथा चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम का क्रम
1 नवंबर को कार्यक्रम दोपहर 3 बजे भजनों से शुरू होगा। शाम 5 बजे गंगा तट पर मां गंगा की आरती होगी। इसके बाद शाम लगभग 7 बजे चित्रकूट आश्रम में भगवान चित्रगुप्त जी की कथा प्रारंभ होगी, जो रात 10 बजे तक चलेगी। कथा के बाद चित्रकूट घाट पर भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इसी दिन चित्रकूट आश्रम में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड टेस्ट और दवा वितरण किया जाएगा।
2 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक होगी। बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुबोध कांत सहाय के नेतृत्व में आयोजित होगी, जिसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर संरक्षक अतुल श्रीवास्तव, राजनीतिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष रवि शरण, शिक्षा-संस्कृति प्रकोष्ठ अध्यक्ष पीयूष निगम, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनीता सक्सेना, प्रदेश संगठन मंत्री सुशील सक्सेना, प्रदेश कोषाध्यक्ष नितेश सक्सेना, सुमित रावत, राज अग्रवाल, शुभम कोटनाला और सचिन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
पूरे देश से श्रद्धालु और सदस्य इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

