इस मामले में एसआईटी गठित हो गई है एसपी देहात को इसकी जांच सौंपी गई है वायरल ऑडियो की फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है
रेखा आर्या और गिरधारी लाल साहू विवाद में नया मोड़, ऑडियो की सत्यता पर मंत्री का बयान
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। दोनों की ओर से सामने आए आरोपों और बयानों के बीच अब कथित ऑडियो की सत्यता को लेकर भी मामला गरमा गया है।
इसी बीच मंत्री रेखा आर्या ने अस्पताल में बयान देते हुए कथित ऑडियो को सच बताया। उन्होंने गोल्ज्यू देवता की कसम खाते हुए कहा कि ऑडियो एकदम सच है। उनके इस बयान के बाद विवाद को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
रेखा आर्या और उनके पति के बीच चल रहे विवाद में सामने आ रहे बयानों के बाद अब कथित ऑडियो की सत्यता का मुद्दा भी केंद्र में आ गया है।
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंत्री की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी की जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है।
एसपी देहात जया बलूनी के नेतृत्व में गठित टीम मामले से जुड़े आरोपों, दस्तावेजों और साक्ष्यों की पड़ताल करेगी। वहीं, गिरधारी लाल साहू से जुड़े कथित वायरल ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
*जया बलूनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय SIT गठित*
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, मंत्री रेखा आर्य की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 सदस्यीय एसआईटी का गठन कर गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
एसआईटी प्रभारी एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि टीम प्रकरण से जुड़ी जानकारियां और साक्ष्य एकत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि मंत्री का स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
*रेखा आर्य ने पति पर लगाए हैं अनेक गंभीर आरोप*
रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में पति गिरधारी लाल साहू पर प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्द कहने, दस्तावेजों पर कथित फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं।
मंत्री ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति ने अपनी पहली शादी की बात उनसे छिपाई थी और उनके विवाहेत्तर संबंध हैं। पुलिस इन आरोपों से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल ऑडियो FSL जांच के लिए भेजा गया*
इस मामले में सामने आए कथित ऑडियो को लेकर भी विवाद है। रेखा आर्य ने शिकायत में दावा किया था कि ऑडियो में उनके पति एक महिला के साथ मिलकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं।
दूसरी ओर, गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में ऑडियो को AI से बनाया गया बताया था। अब कथित ऑडियो को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। इसकी प्रामाणिकता और बातचीत की वास्तविकता जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी ।

