दरांती से पत्नी की हत्या, आरोपी पति जंगल में फरार
विकासनगर के कालसी तहसील क्षेत्र के कचटा गांव में 22 साल की महिला की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के दौरान पति ने दरांती से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है, जबकि मामले में उसके 25 वर्षीय पति मनोज कुमार पर हत्या का आरोप है। वारदात के बाद से मनोज जंगल में फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घर में विवाद के दौरान नीलम पर दरांती से हमला किया गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नीलम की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम कचटा गांव पहुंची। नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशासन के मुताबिक, प्रथम दृष्टया घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी मनोज कुमार की तलाश में जुटने के साथ ही पूरे मामले पर गहनता से जांच में जुटी हुई है।

