अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं का विरोध प्रदर्शन, खाने की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
हॉस्टल मेस के भोजन में कथित गंदगी से भड़की छात्राएं, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
देहरादून। दून यूनिवर्सिटी के अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल मेस में परोसे गए भोजन में स्नेल (घोंघा), कीड़े और कील जैसी आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं, जिससे छात्राओं में नाराजगी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, भोजन में कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री मिलने के बाद छात्राओं ने मेस और हॉस्टल प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। छात्राओं का कहना है कि मेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ताजा घटना के बाद छात्राओं ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
विरोध कर रही छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मेस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। उनका कहना है कि छात्राओं के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
मामले की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं से वार्ता कर उनकी शिकायतें सुनीं। प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिसर में मेस की कार्यप्रणाली और भोजन की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपना विरोध और तेज कर सकती हैं।
