
लोहे के पुल पर युवक का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर रविवार को एक युवक का शव रस्सी के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को थाना रायपुर को मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर एक व्यक्ति के लटके होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पुल पर रस्सी के सहारे एक व्यक्ति का शव मिला। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम को भी बुलाया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
मौके पर एक स्कूटी UK07FN-9653 भी खड़ी मिली। जांच में पता चला कि स्कूटी मृतक के रिश्तेदार की है। पुलिस ने शव की पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी (निवासी घमंडपुर, रानीपोखरी, देहरादून; हाल निवासी वेदवानी विहार, बालावाला) के रूप में की। परिजनों ने भी शव की शिनाख्त की।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट अथवा संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
