
खेलों से बढ़ता है मेलजोल और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव: योगेश सेठी
तीन दिवसीय जगमोहन सेठी स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज
उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में 23 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
अधिवक्ता योगेश सेठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया
देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से परेड ग्राउंड स्थित जिला क्रीड़ा भवन के बैडमिंटन हाल में शनिवार को जगमोहन सेठी स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रेस क्लब से जुड़े 23 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर दिवंगत पत्रकार जगमोहन सेठी के सुपुत्र एवं अधिवक्ता योगेश सेठी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस दौरान अधिवक्ता योगेश सेठी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से लगातार खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल पत्रकारों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाने के साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने अपने पिता जगमोहन सेठी की प्रेस क्लब से जुड़ी स्मृतियों को भी साझा किया। अधिवक्ता योगेश सेठी ने कहा कि उनके दिवंगत पिता जगमोहन सेठी लंबे समय तक उत्तरांचल प्रेस क्लब से जुड़े रहे। प्रेस क्लब से उनका गहरा लगाव था। उन्होंने कहा कि आज भी जब वह प्रेस क्लब आते हैं तो उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे वह अपने पिता के कार्यालय में आए हों। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब से जुड़ी पुरानी यादें आज भी उनके लिए बेहद खास हैं।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने बताया कि पत्रकारों के बीच खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने और उन्हें कामकाज के तनाव से अलग खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से हर वर्ष विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार और सदस्य उत्साह के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं।


खेल संयोजक सोबन सिंह गुसांई ने बताया कि प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी। रविवार तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद सोमवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र नेगी समेत क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और अन्य सदस्य मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारिता के व्यस्त कार्यक्षेत्र के बीच इस तरह की खेल गतिविधियां जरूरी हैं। इससे पत्रकारों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के साथ ही आपसी संवाद और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर मिलता है।
