
बागवानों को बड़ी राहत: सी-ग्रेड सेब का MSP 13 और नाशपाती 7 प्रति किलो घोषित
सेब और नाशपाती उत्पादकों के लिए खुशखबरी, MSP पर मिलेगा उपज का उचित मूल्य
बाजार की मार से मिलेगी राहत, सी-ग्रेड फलों के MSP का शासनादेश जारी
किसानों-बागवानों के हित में सरकार का कदम, सी-ग्रेड फलों के समर्थन मूल्य तय
देहरादून, 11 सितम्बर। प्रदेश के कृषि एवं बागवानी मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के क्रम में उद्यान विभाग ने राज्य के बागवानों को बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2026-27 के लिए सी-ग्रेड फलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) घोषित कर दिए हैं। इसके तहत राज्य के सेब उत्पादकों के लिए ‘सी’ ग्रेड सेब का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹13 प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। वहीं, नाशपाती (गोला) का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹7 प्रति किलोग्राम घोषित किया गया है। जिसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के बागवानों और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सी-ग्रेड फलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित होने से बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और उन्हें बाजार में होने वाले मूल्य उतार-चढ़ाव से राहत मिलेगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी को मजबूत करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
