Homeराज्य समाचारउत्तराखंडयुवा सपनों को पंख लगायेगी ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’: डॉ. धन...

युवा सपनों को पंख लगायेगी ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’: डॉ. धन सिंह रावत

प्रत्येक वर्ष 11 हजार छात्रों को मिलेगी प्रतिष्ठित संस्थानों से निःशुल्क कोचिंग

*पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी आनलाइन उठायेंगे योजना का लाभ*

देहरादून: प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और बेहतर कैरियर अवसर उपलब्ध कराने के लिये उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धाम एंव उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज विधिवत शुभारम्भ किया। योजना का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिये तैयार कर उनके सपनों को आकार देना है।

मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि 18 से 25 वर्ष की आयु युवाओं के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण होता है। इस समय वह अपने कैरियर, रोजगार और भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हैं। ऐसे समय में उन्हें सही दिशा, मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को पंख देने के लिये राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारम्भ किया है। इस योजना के तहत प्रत्येक वर्ष प्रदेश के राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा राज्य विश्वविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत लगभग 11 हजार छात्र-छात्राओं को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जायेगी।

डॉ. रावत ने कहा कि योजना के तहत विद्यार्थियों को आईएएस, पीसीएस, एसएससी, रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे, नीट, सीएसआईआर एंड जेआरएफ, कैट व मैट सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलेगा। इसके साथ ही छात्रों को रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल अध्ययन सामग्री, प्रश्न बैंक सहित अन्य आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

विभागीय मंत्री डाॅ. रावत ने कहा कि इस योजना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पर्वतीय, दुर्गम एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण कोचिंग का समान अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें आर्थिक बोझ का भी सामना नहीं करना पड़ेगा। डाॅ. रावत ने कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रशासनिक एवं रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, कॉरपोरेट क्षेत्र, उच्च शिक्षा, शोध और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़े और युवाओं के प्रेरणास्त्रोत बने। डॉ. रावत ने विद्यार्थियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने, लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन करने तथा असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ युवाओं के लिये कारगर साबित होगी और प्रदेश का युवा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, उपाध्यक्ष उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डा. देवेन्द्र भसीन, सचिव उच्च शिक्षा वी.बी.आर.सी. पुरूषोत्तम सहित विभागीय अधिकारी व विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News