
यूजेवीएन में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
यूजेवीएन में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय उज्ज्वल परिसर सहित विभिन्न विद्युतगृहों और कार्यालयों में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मुख्यालय में प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद कार्मिकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।



समारोह में निगम के कार्मिकों ने देशभक्ति गीतों और कविताओं की प्रस्तुतियां दीं। खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निगम के खिलाड़ियों विकास भद्री, नरेंद्र कश्यप, राहुल गोयल, प्रियम तिवारी, रिशु कुमार एवं रमन पटेल को भी सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
अपने संबोधन में एमडी अजय कुमार सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात सेनानियों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने अपने परिवार के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े होने का भी उल्लेख किया।
स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई दिशा
अजय कुमार सिंह ने कहा कि यूजेवीएनएल स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। निगम पारंपरिक जल विद्युत के साथ पंप्ड स्टोरेज, बैटरी एनर्जी स्टोरेज, ग्रीन हाइड्रोजन और भू-तापीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि NPCIL के साथ समन्वय कर उत्तराखंड में नाभिकीय ऊर्जा की संभावनाओं का अध्ययन भी किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से विकास कार्यों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि विकास के साथ कार्यस्थल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी, आशीष जैन, संजय पटेल, महाप्रबंधक केके जायसवाल सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
