
न्याय विभाग ने संशोधित प्रेस नोट से दूर किया भ्रम, देखें नक्शा भी
हल्द्वानी: उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए परिसर के स्थान को लेकर चल रही अटकलों पर शुक्रवार को विराम लग गया। न्याय विभाग ने संशोधित प्रेस नोट जारी कर स्पष्ट किया है कि हाईकोर्ट का नया कॉम्प्लेक्स हल्द्वानी में बेलबाबा मंदिर (रामपुर रोड) के पास, तराई पूर्वी वन प्रभाग की भाखड़ा रेंज के लामाचौड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।

न्याय विभाग ने संशोधित प्रेस नोट जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि हाईकोर्ट का नया कॉम्प्लेक्स हल्द्वानी में तराई पूर्वी वन प्रभाग, रुद्रपुर की भाखड़ा रेंज के लामाचौड़ क्षेत्र में बेलबाबा मंदिर के पास विकसित किया जाएगा। इससे पहले जारी प्रेस नोट में त्रुटिवश गोलापार का उल्लेख होने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।
प्रेस नोट के अनुसार, 31 मई 2023 को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए 26.08 हेक्टेयर वन भूमि का चयन किया गया था। बाद में हाईकोर्ट की ओर से जिलाधिकारी नैनीताल के स्थल निरीक्षण आख्या के आधार पर अधिक भूमि की आवश्यकता जताई गई।
