
देहरादून। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून के तत्वावधान में आयोजित 11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के दूसरे दिन खेले गए लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 10 अग्रणी विद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। इनमें द दून स्कूल (देहरादून), वेलहम बॉयज़ स्कूल (देहरादून), बिशप कॉटन स्कूल (शिमला, हिमाचल प्रदेश), द सागर स्कूल (अलवर, राजस्थान), आर्मी पब्लिक स्कूल (डगशाई, हिमाचल प्रदेश), कसीगा स्कूल (देहरादून), जीआरडी वर्ल्ड स्कूल (देहरादून), द एशियन स्कूल (देहरादून), इंडियन पब्लिक स्कूल (देहरादून) तथा मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल (देहरादून) की टीमें शामिल हैं।
दूसरे दिन का पहला लीग मुकाबला वेलहम बॉयज़ स्कूल, देहरादून और जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, देहरादून के बीच खेला गया। इस मुकाबले में वेलहम बॉयज़ स्कूल ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से आदित्य साहू ने बेहतरीन हैट्रिक लगाते हुए तीन गोल किए, जबकि अनिरुद्ध ने एक गोल किया। जीआरडी वर्ल्ड स्कूल की ओर से एकमात्र गोल तवांग ने किया।
दूसरे लीग मुकाबले में द दून स्कूल, देहरादून ने बिशप कॉटन स्कूल, शिमला (हिमाचल प्रदेश) को 3-2 से पराजित किया। द दून स्कूल की ओर से रुशील, उदय और अंश ने एक-एक गोल किया, जबकि बिशप कॉटन स्कूल की ओर से जोसवा ने दोनों गोल दागे।
तीसरे लीग मैच में द सागर स्कूल, अलवर (राजस्थान) ने जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, देहरादून को 3-0 से शिकस्त दी। सागर स्कूल की ओर से कैजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों गोल कर हैट्रिक पूरी की।
दिन के चौथे एवं अंतिम लीग मुकाबले में कसीगा स्कूल, देहरादून ने बिशप कॉटन स्कूल, शिमला (हिमाचल प्रदेश) को 2-1 से हराया। कसीगा स्कूल की ओर से अनिरुद्ध ने दोनों गोल किए, जबकि बिशप कॉटन स्कूल की ओर से सिफी ने एकमात्र गोल किया।
टूर्नामेंट के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु उत्तराखंड के प्रसिद्ध पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, वरिष्ठ रेफरी एवं अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में रेफरी पैनल में भूपाल सिंह नेगी (रामनगर, नैनीताल), मनोज नेगी, रोशन चंद, हर्षित चौहान, वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति तथा विमल सिंह रावत अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल कौशल को निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रही है। साथ ही, यह टूर्नामेंट विद्यालयी फुटबॉल के विकास, खेल भावना के संवर्धन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
