
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर सीएम ने किया प्रतिभाग
देहरादून, 20 जून। प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस के अवसर पर हिमालय सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर प्रतिभाग किया। इस दोरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल से देशभर के किसानों के लिए डीबीटी के माध्यम से जारी की गई किसान सम्मान निधि की किस्त का वर्चुअल प्रसारण भी किया गया .



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त से उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों को 159 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि देशभर के लगभग 10 करोड़ किसानों को 18,880 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश की समृद्धि और खाद्य सुरक्षा के आधार स्तंभ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान कल्याण की योजनाएं पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में प्रदेश के लगभग 4 लाख किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 8 लाख से अधिक हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसानों के हित में नहरों से सिंचाई को पूरी तरह निशुल्क किया गया है तथा बजट में किसानों की आय वृद्धि के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में 115 करोड़ रुपये के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस स्थापित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की वर्षा आधारित कृषि को मजबूत करने के लिए 1000 करोड़ रुपये की लागत से “उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट” को मंजूरी दी गई है। साथ ही नई सेब नीति, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और स्टेट मिलेट मिशन के माध्यम से किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज, सीए स्टोरेज और मेगा फूड पार्क जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं “महक क्रांति” नीति के तहत 7 एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं तथा 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि किसानों की आय वृद्धि के क्षेत्र में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
