Homeराज्य समाचारराष्ट्रीय युवा संसद 2026:  कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से  युवाओं को मिला...

राष्ट्रीय युवा संसद 2026:  कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से  युवाओं को मिला नेतृत्व, राजनीति और जनसेवा का मंत्र

 

युवा संसद 2026 के तीसरे दिन उद्घाटन सत्र में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया: देशभर से आए युवा प्रतिभागियों को किया संबोधित

देहरादून, 19 जून। उत्तराखंड यंग थिंकर्स फोरम, आई-लीड ग्लोबल फाउंडेशन एवं दून विश्वविद्यालय छात्र परिषद के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय युवा संसद 2026 के तीसरे दिन उद्घाटन सत्र में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर देशभर से आए युवा प्रतिभागियों को संबोधित किया।

अपने संबोधन में मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक समय वह भी उन छात्रों में शामिल थे जो राजनीति को केवल दूर से देखते थे और उसकी महत्ता को पूरी तरह नहीं समझते थे। लेकिन राजनीति में सक्रिय होने के बाद उन्हें यह अनुभव हुआ कि यह ऐसा माध्यम है जिसके जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा सकती है तथा राज्य और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का सशक्त मंच है। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए तथा सकारात्मक बदलाव के वाहक बनना चाहिए।

राष्ट्रीय युवा संसद 2026 की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और नेतृत्व कौशल से परिचित कराते हैं। साथ ही यह मंच युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने, संवाद स्थापित करने तथा राष्ट्र के महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चिंतन करने का अवसर प्रदान करता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ओहो रेडियो के संस्थापक एवं प्रसिद्ध रेडियो जॉकी आरजे काव्य उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कला, संचार और रेडियो जैसे सशक्त माध्यमों के जरिए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को अपनी रचनात्मकता और संवाद कौशल का उपयोग समाज को जागरूक एवं सशक्त बनाने के लिए करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उत्तराखंड यंग थिंकर्स फोरम की संस्थापक श्रीमती नेहा जोशी ने मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा एवं आरजे काव्य का कार्यक्रम में सहभागिता कर युवाओं का मार्गदर्शन करने हेतु आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि भारत का युवा वर्ग देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड यंग थिंकर्स फोरम के सह-संस्थापक अखिलेश रावत, राष्ट्रीय युवा संसद 2026 के कन्वीनर सचिन रमोला, दून विश्वविद्यालय छात्र परिषद के पूर्व अध्यक्ष अंशुमान नौटियाल, प्रज्वल भट्ट, सार्थक भट्ट, ख्याति पंत, आशीष राणा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News