
“मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि”
जोरहाट/ असम। भारतीय वायुसेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान शनिवार को असम के जोरहाट एयरफोर्स स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में भारतीय वायुसेना के पांच जवानों के बलिदान होने की सूचना प्राप्त हुई है, जबकि विमान के सह-पायलट को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, AN-32 परिवहन विमान जोरहाट एयरफील्ड पर लैंडिंग की प्रक्रिया में था, तभी वह एयरफोर्स स्टेशन परिसर के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के जमीन से टकराते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही वायुसेना की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम, अग्निशमन दल और राहत-बचाव कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और बचाव कार्य शुरू किया गया।
भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना में पांच जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। सह-पायलट को गंभीर अवस्था में बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
विमान दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। भारतीय वायुसेना ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा है कि दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए आधिकारिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। विशेषज्ञों की टीम दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और ब्लैक बॉक्स सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी।
देशभर में इस हादसे पर शोक व्यक्त किया जा रहा है।
