त्यूनी: थाना त्यूनी क्षेत्र में मिले एक अज्ञात शव का पुलिस द्वारा हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया।
दिनांक 21 मई 2026 को थाना त्यूनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अटाल के निकट टोंस नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया गया था। पुलिस ने शव की शिनाख्त के पूरे प्रयास किए, किंतु मृतक नेपाली मूल का प्रतीत होने के अतिरिक्त कोई अन्य जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
शव का पंचनामा तैयार करने के उपरांत उसे शिनाख्त हेतु उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में 72 घंटे तक रखा गया। निर्धारित समयावधि में भी मृतक की पहचान न हो पाने पर पोस्टमार्टम करवाने के बाद आज दिनांक 24 मई 2026 को त्यूनी पुलिस ने मानवता का फर्ज निभाते हुए अज्ञात शव का हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूर्ण विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया।
दून पुलिस ने इस कार्य के माध्यम से यह संदेश दिया है कि वह आम जन की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और अंतिम संस्कार जैसे सामाजिक दायित्वों को भी पूर्ण निष्ठा से निभाती है।
