यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प: सीएम धामी
सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया हमारी सरकार की प्रतिबद्धता” : मंत्री सुबोध उनियाल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तराखण्ड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा आज देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 307 चिकित्साधिकारियों, फार्मासिस्टों तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत नव नियुक्त प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।



मुख्यमंत्री ने पुष्कर सिंह धामी ने कुल 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट, तथा उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक एवं मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और नए नियुक्त चिकित्सकों को सेवा भाव के साथ कार्य करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, 2 निर्माणाधीन हैं, जबकि 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल भी कार्यरत हैं। इसके अलावा टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पारदर्शी भर्ती प्रणाली और सख्त नकल विरोधी कानून के चलते पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
एक समय भर्ती प्रक्रियाएं नकल एवं भ्रष्टाचार के कारण प्रभावित होती थीं, जिससे योग्य युवाओं का विश्वास व्यवस्था से कमजोर पड़ने लगा था। प्रदेश सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाया है, ताकि प्रत्येक परीक्षा एवं नियुक्ति केवल योग्यता के आधार पर सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा 32,000 से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान किए गए हैं। यह केवल रोजगार नहीं, बल्कि युवाओं के विश्वास, न्याय एवं सुशासन की स्थापना का प्रमाण है।
कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य में कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने मशरूम उत्पादन को किसानों के लिए अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण स्रोत बताया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी जी, श्री खजान दास जी, विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ जी, श्रीमती सविता हरबंस कपूर जी तथा देहरादून नगर निगम के महापौर श्री सौरभ थपलियाल जी उपस्थित रहे।

