100% परिणाम के साथ विद्यार्थियों ने कायम रखी उत्कृष्टता की गौरवशाली परंपरा
देहरादून, 13 मई 2026: Doon International School ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और अथक मेहनत के दम पर 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।
कक्षा 12वीं के घोषित परिणामों में विद्यार्थियों ने सभी संकायों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया। मानविकी (Humanities) संकाय में ओजस्वी पैन्यूली ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं, वाणिज्य (Commerce) संकाय में अगस्त सैनी ने 98.4 प्रतिशत तथा विज्ञान (Science) संकाय में वैभवी सेमवाल ने 94.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की।
विद्यालय के कुल 47 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। इनमें विज्ञान संकाय के 17, मानविकी के 14 तथा वाणिज्य संकाय के 16 विद्यार्थी शामिल हैं। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है, बल्कि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समर्पित शिक्षण पद्धति को भी दर्शाती है।
विशेष रूप से ओजस्वी पैन्यूली की उपलब्धि ने देहरादून में विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता विद्यालय की उस सोच को प्रतिबिंबित करती है, जिसमें विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि भविष्य के सक्षम और जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता के रूप में भी तैयार किया जाता है।
विद्यालय के निदेशक एच.एस. मान, प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के विश्वास और सहयोग का प्रतिफल है।
उन्होंने कहा,
“हमें अत्यंत गर्व है कि हमारे विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।”
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह प्रेरणादायक उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि दून इंटरनेशनल स्कूल निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट परिणाम देकर शिक्षा जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।
CBSE बोर्ड परीक्षा 2025-26 में दून इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने मारी बाजी: 12वीं का रहा शानदार प्रदर्शन
RELATED ARTICLES
