ब्रिगेडियर जोशी के हत्यारों को तत्काल करें गिरफ्तार:
स्थितियां नहीं सुधरी तो सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस –
सूर्यकांत धस्माना
देहरादून: उत्तराखंड में ध्वस्त कानून व्यवस्था, आए दिन घट रही हत्या ,लूट,डकैती , चेन स्नेचिंग व गुंडागर्दी की घटनाओं से आक्रोशित कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में राज्य के पुलिस मुखिया डीजीपी दीपम सेठ से मिला और प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर उनको अवगत करवाते हुए मांग पत्र सौंप का राज्य की कानून व्यवस्था ना सुधारने की स्थिति में सड़कों पर उतर कर आंदोलन की चेतावनी दी।
श्री धस्माना ने पुलिस प्रमुख से कहा कि प्रदेश सरकार , आबकारी विभाग व प्रशाशन की मिलीभगत से राज्य में अपराध घटित हो रहे हैं और राजधानी देहरादून में इस वर्ष अपराधों की बाढ़ आ गई है। उन्होंने कहा कि सोमवार को जोहड़ी गांव में दो अपराधी गुटों में हुई गोलीबारी की चपेट में आए ब्रिगेडियर वीके जोशी की हत्या से पूरे देहरादून का जनमानस आक्रोशित है। उन्होंने कहा को प्रदेश में पिछले चार वर्षों में घटित आपराधिक घटनाओं का ब्यौरा बहुत लंबा चौड़ा है जिसमें वर्ष २०२२ में अंकिता भंडारी हत्या कांड से लेकर सोमवार मार्च २०२६ को राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष की घटना में मॉर्निंग वॉक कर रहे सेना के अवकाश प्राप्त ब्रिगेडियर श्री जोशी की गोली लगने से मौत के मामले यह साबित करने के लिए काफी है कि प्रदेश में अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ समाप्त हो चुका है। इस वर्ष की शुरुआत में हो राज्य की राजधानी देहरादून में अनेक खौफनाक आपराधिक वारदातें दिन दहाड़े घटित हुई जिनमें फरवरी माह की शुरुआत में पलटन बाजार में सुबह सुबह राह चलती युवती की हत्या चापड़ से गर्दन काट कर की गई, फरवरी 11 को सुबह सुबह दस बजे परेड ग्राउंड के पास प्रेस क्लब के सामने अर्जुन नाम के युवा की गोलियों से भून कर हत्या कर दो गई , 13 फरवरी को देहरादून की सबसे प्रमुख सड़क राजपुर रोड में सिल्वर सिटी माल के भीतर सुबह साढ़े दस बजे जिम से लौट रहे युवक की गोलियां बरसा कर हत्या कर हत्या आरोपी फरार हो गए। उन्होंने कहा कि कल सोमवार 30 मार्च को सुबह सुबह साढ़े छह बजे राजपुर थाने के जोहड़ी गांव में दो अपराधों गुटों में हुई गोलीबारी में मॉर्निंग वॉक करते अवकाश प्राप्त ब्रिगेडियर श्री वीके जोशी की गोली लगने से मौत हो गई। इसके अलावा फरवरी के महीने में ही हरिद्वार में रविदास जयंती के अवसर पर दो लोगों की मौत, हल्द्वानी मंडी में एक युवक युवती की हत्या समेत अनेक जघन्य घटनाएं दो महीने के भीतर घटित हुई जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और पुलिस का खौफ अपराधियों के दिलों दिमाग से पूरी तरह समाप्त हो गया है।
श्री धस्माना ने कहा कि कल जोहड़ी गांव में घटित घटना को पुलिस दोपहर तक रोड रेज का मामला बताती रही किन्तु यह रोड रेज का नहीं बल्कि अवैध तरीके से पूरी पूरी रात खुलने वाले नाइट क्लब्स में हो रही शराब खोरी व अनैतिक कार्यों के कारण हो रहे गुटीय संघर्ष का नतीजा है। उन्होंने कहा कि पुलिस को अनेकों बार इस बात की शिकायत की गई कि देहरादून में और विशेष रूप से राजपुर रोड में संचालित होने वाले नाइट क्लब्स और बार जो अनुमति के समय के बाद रात रात भर खुले रहते हैं और जहां पूरी रात शराब और अन्य अनैतिक कार्य होते हैं पर किसी प्रकार का प्रतिबंध या नियंत्रण और कार्यवाही नहीं की जाती जो इस बात को प्रमाणित करती है कि इसके बदले पुलिस ,आबकारी विभाग और प्रशाशन को सुविधा शुल्क दिया जाता है। राजपुर रोड पर मसूरी डाइवर्जन से लेकर ओल्ड मसूरी रोड पर संचालित होने वाले नाइट क्लब्स, बार व रेस्तरां में आने वाले ग्राहकों की चार पहिया गाड़ियां बीच सड़क में पार्क होती हैं जिसके कारण आए दिन वहां दुर्घटनाएं घटती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है और आज प्रदेश कांग्रेस की ओर से आपसे यह मांग करने आए हैं कि प्रदेश में ध्वस्त पड़ी कानून व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से पटरी पर लाया जाए और ब्रिगेडियर जोशी की हत्या व अन्य हत्याओं में वांछित अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और सभी क्लब्स, बार रेस्तरां अनुमति के समय से अधिक चलाए जाने पर उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं व राजपुर रोड पर इन क्लब्स और बार रेस्तरां की पार्किंग ना होने पर इनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपरोक्त मांगों के पूरा ना होने पर सड़कों पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रतिनिधिमंडल में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी,पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी, प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल,श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, गोरखा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष अनिल बस्नेत, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान , महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, विजय शाही, आनंद सिंह पुंडीर, संतोष नैनवाल, एस पी बहुगुणा, गोपाल गड़िया, अनुज दत्त शर्मा, जी एस नेगी शामिल रहे।
सादर
सूर्यकांत धस्माना
वरिष्ठ उपाध्यक्ष
प्रदेश कांग्रेस कमेटी उत्तराखंड
