विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे से आहूत किया जाएगा। विधासनसभा सचिवालय की ओर से विशेष सत्र आहूत किए जाने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। माना जा रहा है कि इस विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा होगी। सत्र में कोई अन्य विधायी कार्य प्रस्तावित नहीं है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में 28 अप्रैल को उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित होने जा रहा है। विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चा हो सकती है।

माना जा रहा है कि सीएम धामी भी विशेष सत्र में उत्तराखंड की महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने पर बड़ा फैसला ले सकते हैं। ऐसे इसलिए भी कहा जा सकता है क्योंकि जनता के बीच धाकड़ धामी की पहचान बना चुके मुख्यमंत्री अपने कड़े फैसले के चलते देशभर में जाने जाते हैं। ऐसे में जब ना सिर्फ उत्तराखंड बल्कि देश के हर कोने-कोने में बीजेपी ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष के खिलाफ हल्लाबोल किया हुआ है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री धामी कुछ बड़ा फैसला ले सकते हैं।
संसद में महिला आरक्षण बिल पारित ना हो पाने पर मुख्यमंत्री ने आक्रोश जाहिर किया था। मुख्यमंत्री धामी ने कहा था कि इंडिया गठबंधन ने महिलाओं को बराबरी का हक देने में अपने कदमों को पीछे किया है, जानबूझकर बिल को गिराया गया है। उन्होंने विपक्षी दलों को साफ कर दिया कि जब तक महिलाओं को उनका पूरा अधिकार नहीं मिल जाता तब तक ये संघर्ष जारी रहेगा। इसलिए माना जा रहा है कि 28 अप्रैल को उत्तराखंड के विशेष सत्र में बड़ा फैसला लिया जा सकता है ।
