सांख्य योग फाउंडेशन द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एलबीएसएनएए, मसूरी में 21 एवं 23 फरवरी को कक्षा VIII, IX एवं XI के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बढ़ते शैक्षणिक दबाव, भावनात्मक तनाव, समय प्रबंधन, मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले ध्यान भंग (डिस्ट्रैक्शन) तथा करियर संबंधी प्रश्नों को समझना और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना रहा। कक्षा IX एवं XI के विद्यार्थियों के लिए करियर असेसमेंट टेस्ट, मानसिक स्वास्थ्य सत्र तथा प्रशिक्षित काउंसलरों द्वारा वन-टू-वन काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए। वहीं कक्षा VIII के विद्यार्थियों के लिए आयु-अनुकूल मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किए गए, जिनमें भावनात्मक संतुलन, आत्म-प्रबंधन, स्वस्थ अध्ययन आदतों एवं डिजिटल अनुशासन पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

काउंसलिंग सत्रों में सांख्य योग फाउंडेशन की ओर से डॉ. मुकुल शर्मा, गीता चौधरी की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय प्रशासन की ओर से रजनी पंत, प्रधानाचार्य (प्रभारी), वीना कठूरिया, काउंसलिंग कोऑर्डिनेटर, सहित अन्य शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।
इन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, स्पष्टता एवं भावनात्मक स्थिरता विकसित करने में सहायता मिली, जिससे वे अपने शैक्षणिक एवं करियर संबंधी निर्णय अधिक सोच-समझकर ले सकें।
