नयार वैली फेस्टिवल के दूसरे दिन आयोजित साहसिक खेल गतिविधियों में प्रतिभागियों का उत्साह देखने योग्य रहा। माउंटेन बाइकिंग एवं क्याकिंग प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक समापन हुआ। माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता में कुल 35 साहसिक खेल प्रेमियों ने प्रतिभाग किया, जबकि क्याकिंग में 25 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
इन दोनों प्रतियोगिताओं में शामिल सभी प्रतिभागियों को उपजिलाधिकारी रेखा आर्या द्वारा सम्मानित किया गया। जबकि विजेता प्रतिभागियों को महोत्सव के समापन दिवस 28 फरवरी को सम्मानित किया जायेगा।
उपजिलाधिकारी ने प्रतिभागियों के उत्साह, साहस एवं खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान बिलखेत रश्मि देवी, जिला पर्यटन अधिकारी के.एस. नेगी, ऑर्गनाइजर अजय कंडारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी एवं स्थानीय जनमानस उपस्थित रहा ।
=
