बिलखेत में रोमांच का उत्सव सम्पन्न, तीन हैं दिवसीय नयार वैली फेस्टिवल ने गढ़ी साहसिक पर्यटन की नयी पहचान
साहस, संस्कृति और संकल्प का संगम: नयार घाटी महोत्सव ने खोले एडवेंचर हब बनने के द्वार
तीन दिन, अनगिनत रोमांच: नयार वैली फेस्टिवल ने नयार घाटी को दी राष्ट्रीय पहचान
पौड़ी गढ़वाल: तीन दिवसीय नयार वैली फेस्टिवल के अंतिम दिवस विभिन्न साहसिक खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के साथ उत्साह, रोमांच और उल्लास के वातावरण में कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी तथा जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विधायक ने समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों, आयोजकों, विभागीय अधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाला प्रत्येक प्रतिभागी बधाई का पात्र है, क्योंकि साहसिक खेलों में भागीदारी स्वयं में साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत केवल पदक तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह निरंतर अभ्यास, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम होती है।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पर्वतीय भू-भाग को देखते हुए उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध ढंग से विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और पेशेवर अवसरों की दिशा भी मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि नयार घाटी जैसे प्राकृतिक रूप से समृद्ध क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा सकता है। जब स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और प्रशासन एक साथ मिलकर कार्य करते हैं, तभी ऐसे आयोजन सफल होते हैं। आम नागरिकों के सहयोग और सहभागिता से ही हम साहसिक पर्यटन को आर्थिक पर्यटन में परिवर्तित कर सकते हैं, जिससे होटल व्यवसाय, स्थानीय उत्पाद, परिवहन और अन्य सेवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर प्रशिक्षण लें, अपनी क्षमताओं को निखारें और उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर हब बनाने में योगदान दें।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में आयोजन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति और संस्था के प्रति औपचारिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस महोत्सव की सफलता सामूहिक योजना, सटीक क्रियान्वयन और आपसी समन्वय का परिणाम है। उन्होंने उल्लेख किया कि पर्वतीय भू-भाग, बदलते मौसम और नदी की धाराओं जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच गतिविधियों का संचालन प्रशासनिक दृष्टि से एक बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे सभी संबंधित विभागों ने टीम भावना के साथ निभाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतिभागियों का अनुशासन, तकनीकी दक्षता और सुरक्षा मानकों के प्रति सजगता आयोजन की गुणवत्ता को दर्शाती है। स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता ने यह साबित किया है कि नयार घाटी में साहसिक पर्यटन को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस आयोजन को दीर्घकालिक दृष्टि से विकसित करने की रणनीति पर कार्य कर रहा है। आने वाले वर्षों में इसे और सुव्यवस्थित, तकनीकी रूप से सुदृढ़ तथा प्रशिक्षण-आधारित स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव भविष्य में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग संस्थान की आधारशिला सिद्ध होगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन विकास, कौशल विकास, पेशेवर प्रशिक्षण और स्थायी रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
फेस्टिवल के अंतर्गत माउंटेन बाईकिंग (एमटीबी) पुरुष वर्ग में प्रज्ज्वल ने प्रथम, नीरज भण्डारी ने द्वितीय तथा हिमांशु डबराल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में संध्या मौर्य ने प्रथम, वंदना सिंह ने द्वितीय और वर्णाली ने तृतीय स्थान हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। फिश एंगलिंग प्रतियोगिता में संजय परोरिया प्रथम, ट्रेवर होम्स द्वितीय तथा संजय पंचेस्वर तृतीय स्थान पर रहे।
क्याकिंग स्लालम स्पर्धा में अमर सिंह ने प्रथम, दमन सिंह ने द्वितीय तथा मनीष सिंह रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्प्रिंट स्पर्धा में भी अमर सिंह प्रथम, अमन सिंह द्वितीय और मनीष सिंह रावत तृतीय स्थान पर रहे। पैराग्लाइडिंग व्यक्तिगत स्पर्धा में मोहर सिंह ने प्रथम, मनीष उप्रेती ने द्वितीय तथा अक्षय कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। टीम इवेंट में एडवेंचर जोन प्रथम, फ्लाई वारकला द्वितीय और पाजू भीमताल तृतीय स्थान पर रहे। राइजिंग स्टार पुरस्कार शीतल ठाकुर को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मंजीत रावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रश्मि देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिय देवी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सतपुली पूनम उछोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। फेस्टिवल के सफल आयोजन ने क्षेत्र में पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को नयी पहचान देते हुए युवाओं को अवसर और प्रेरणा प्रदान की।
