देहरादून में इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया के देहरादून चैप्टर द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं नव संवत्सर के उपलक्ष्य में एक विशेष एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन रायपुर स्थित महोत्सव द बैंक्वेट में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, पेशेवर विकास तथा सुरक्षित कार्यस्थल के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।



कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती कुसुम कंडवाल रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं की गरिमा, अधिकारों एtवं कार्यस्थल पर सुरक्षा को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. दिव्या नेगी (मीडिया समन्वयक, भाजपा महिला मोर्चा, उत्तराखंड) ने सभी का आह्वान किया कि हम सब परिवारों और कार्यस्थलों पर बेटियों को काम करते रहने के लिए जरूरी प्रोत्साहन और सहयोग दें। विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती पार्वती जोशी (अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य पेंशनर संघ, डोईवाला ब्लॉक) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, देहरादून के नव-निर्वाचित अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह रावत की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सीएस अर्चना बंसल ने POSH विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों, उनके क्रियान्वयन और संस्थागत जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कुल 65 कंपनी सेक्रेटरी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम की सफलता और प्रभावशीलता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन सीएस (डॉ.) संगीता बग्गा द्वारा किया गया, जबकि देहरादून चैप्टर की अध्यक्षा सीएस (डॉ.) रुचित्रा कपरवाण ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर चैप्टर के उपाध्यक्ष सीएस अर्चित टंडन, सचिव सीएस देवना जुयाल सहित अन्य पदाधिकारी—सीएस एच.पी. व्यास, सीएस विजयलक्ष्मी सती, सीएस नेहा रस्तोगी एवं सीएस अंकित रावल—की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री रामकिशन चमोली एवं श्री साकेत चमोली का विशेष सहयोग एवं प्रायोजन रहा।
कार्यक्रम ने न केवल महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि पेशेवर क्षेत्र में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान अवसरों वाले वातावरण की आवश्यकता को भी मजबूती से सामने रखा। यह आयोजन ज्ञान, जागरूकता और प्रेरणा का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुआ।
